झांसी। बुधवार सुबह झांसी-ललितपुर हाईवे पर सिजवाहा के पास सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। युवक की गला रेतकर हत्या की गई। शरीर पर चोटों के निशान भी मिले। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई है। एसपी सिटी व सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। पिता की तहरीर पर रक्सा पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है।
थाना प्रेमनगर स्थित राजगढ़ निवासी चिरोंजीलाल का पुत्र राहुल कुमार उर्फ सोनू (29) पीएसी के सामने बने एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। मंगलवार की देर रात वह मेडिकल स्टोर से घर नहीं लौटा। परेशान परिजन उसकी खोजबीन में जुट गए। मोबाइल नंबर से संपर्क करने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। बुधवार सुबह उसका शव ललितपुर-झांसी हाईवे पर सिजवाहा के सड़क किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों से सूचना पाकर रक्सा थानाध्यक्ष अमित गंगवार मौके पर पहुंचेे।
गला रेतकर राहुल को मौत के घाट उतारा गया। शरीर पर चोटों के निशान भी मिले हैं। मृतक के पास से मिले मोबाइल के जरिए पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शिनाख्त की। एसपी सिटी विवेक कुमार त्रिपाठी, सीओ सदर हिमांशु गौरव ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की। घटना को लेकर परिजन कुछ नहीं बता सके। पिता चिरोंजीलाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
हत्या कहीं और हुई, गाड़ी के निशान मिले
पुलिस जांच में साफ है कि हत्या मौके पर नहीं हुई। शव मौके पर फेंककर हत्यारे भाग निकले। धारदार हथियार से गला रेंता गया था। मौके से हथियार भी पुलिस को नहीं मिला। गाड़ी के निशान भी पुलिस को मिले हैं। खून के निशान नहीं मिले।
एफआईआर दर्ज कर पुलिस हर बिंदु पर घटना की जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा पुलिस करेगी।
विवेक कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी
जान पहचान वालों पर घूमी शक की सुई
- मोबाइल ने दी हत्यारों की लोकेशन, कई सुबूत मिले, एक व्यक्ति हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
- पुलिस ने कॉल डिटेल भी खंगाली, जल्द हो सकता है खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मृतक के पास से बरामद मोबाइल पुलिस के लिए अहम कड़ी साबित हो सकता है। मोबाइल से पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। जो जान पहचान वालों की तरफ इशारा करा रही हैं। हत्यारे राहुल को जानते थे। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। जल्द ही पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है।
राजगढ़ निवासी रिंकू के मेडिकल स्टोर पर मृतक राहुल काम करता था। रिंकू मेडिकल स्टोर के साथ ही प्रॉपर्टी का काम करते हैं। वह उनके प्रॉपर्टी के काम में भी हाथ बंटाता था। अमूमन वह प्रतिदिन रात में आठ से नौ बजे के बीच घर आ जाते थे। लेकिन, मंगलवार देर रात घर नहीं पहुंचे। परिजन अभी खोजबीन में जुटे थे, तभी सुबह करीब 7.30 बजे पुलिस का फोन आने के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों भी मौके पर पहुंचे, लेकिन घटना को लेकर पुलिस को कुछ नहीं बता सके। मृतक के पास से पुलिस को मोबाइल भी मिला। कॉल डिटेल से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस ने इस मामले में व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।