झांसी। थाना नवाबाद क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में बदमाश ने सेंध लगाने का प्रयास किया। एटीएम में घुसकर कैमरे तोड़ने के बाद खोलने का प्रयास किया। मौके से निकल रही पुलिस की नजर पड़ते ही बदमाश ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने बदमाश को पकड़ा। एटीएम में अंदर जाकर देखा तो कैमरे टूटे थे। उसके पास से मिली चाबी से वह एटीएम खोलने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने आरोेपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना नवाबाद क्षेत्र स्थित मंडी के पास बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम बना हुआ है। बीती रात एक बदमाश मौका पाकर एटीएम में घुस आया। पहले तो वह अंदर लगे कैमरे क्षतिग्रस्त करने के बाद चाबी की मदद से एटीएम खोलने लगा। यह देखकर मौके से निकल रहे पुलिसकर्मियों की नजर पड़ गई। पुलिस को देखकर युवक ने दौड़ा लगा ली। भागते समय शक होने पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। एटीएम में युवक को ले जाकर देखा तो कैमरे क्षतिग्रस्त थे। तलाशी लेने पर उसके पास से चाबी भी मिली। जिसकी मदद से वह एटीएम खोलने में लगा था। बैंक ऑफ बड़ौदा कचहरी चौराहा शाखा प्रबंधक सतीश कुमार गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने थाना प्रेमनगर के हरिजन कॉलोनी निवासी नीरज अहिरवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया है।