अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। व्हाट्सएप पर तमंचे का कारोबार करने वाले युवक को चिरगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक के पास से पुलिस ने देसी रिवाल्वर, अद्धी समेत दस से अधिक अवैध असलहे बरामद किए हैं। लिखापढ़ी के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने शुक्रवार को बताया कि चिरगांव पुलिस को कराईयनपुरा निवासी शाहरूख राइन की तलाश थी। मालूम चला था कि वह तमंचे बनाकर बेचता है। पुलिस उसका सुराग लगा रही थी। आरोपी के तड़के 3:55 बजे छिरौना गांव के पास होने की बात पता चली। थाना प्रभारी तुलसी राम पांडेय की अगुवाई में टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि वह कई लोगों के साथ मिलकर तमंचा तैयार करता है। इसके बाद व्हाट्सएप के माध्यम से फोटो भेजकर उसको बेचता है। कई साल से वह तमंचे बना रहा है। एसएसपी का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है। दो दिन पहले ही आरोपी शाहरूख ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर चिरगांव थाना प्रभारी के खिलाफ कई आरोप लगाए थे।