ट्रेन संख्या 12280 ताज एक्सप्रेस सोमवार को दोपहर 3:28 बजे साढ़े आठ घंटे की देरी से झांसी के लिए रवाना हुई। ट्रेन शाम 4:09 बजे ओखला स्टेशन से गुजर रही थी कि अचानक ट्रेन के डी-3 कोच में आग लग गई। कोच में आग लगते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई। यात्रियों ने तत्काल चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका और बाहर भागने लगे। देखते ही देखते 10 मिनट में ट्रेन के कोच डी-2, डी-4 आग की चपेट में आ गए। ट्रेन में मौजूद डिप्टी सीटीआई पीयूष हयारण ने अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शाम करीब छह बजे आठ दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ है।
रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
ताज एक्सप्रेस से झांसी आ रहे यात्रियों और उनके परिजनाें के लिए रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। साथ ही हर स्टेशन पर हेल्प डेस्क बनाई गई है। यात्री झांसी रेलवे स्टेशन के हेल्पलाइन नंबर 0510-2440787, 0510-2440790, दतिया स्टेशन पर हेल्पलाइन नंबर 9752448940, डबरा स्टेशन पर हेल्पलाइन नंबर 9752417783, ग्वालियर स्टेशन के हेल्पलाइन नंबर 0751-2432797, 0751-2432849 और मुरैना स्टेशन के हेल्पलाइन नंबर 9752448942 पर संपर्क कर सकते हैं।