संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। मोंठ थाना इलाके के ग्राम भरोसा में सोमवार की रात एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे के नीचे दबकर एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे परिजन और ग्रामीणों ने बाहर निकाला। आनन-फानन उसे एंबुलेंस से मोंठ के ट्रामा सेंटर भेजा गया।
मोंठ के ग्राम भरोसा के मोहल्ला बागपुरा में सोमवार की रात तकरीबन आठ बजे एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान के अंदर मौजूद 52 वर्षीय घनाराम मकान के मलबे के नीचे दब गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास रहने वाले लोगों की मदद से परिजन ने उन्हें मशक्कत के बाद मलबे से बाहर निकाला और मोंठ के ट्रामा सेंटर भेजा। सूचना पर उप जिलाधिकारी मोंठ अवनीश तिवारी अस्पताल पहुंच गए, उन्होंने घायल घनाराम का हाल-चाल जाना। वहीं, मोंठ थाने के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश द्विवेदी ने घटनास्थल का जायजा लिया।
बता दें कि हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश की वजह से कच्चे मकान में पानी बैठ गया था, जिससे वह ढह गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से कच्चे मकानों की स्थिति की जांच कराने और जरूरतमंदों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रशासन की ओर से भी यह आश्वासन दिया गया है कि मामले की जांच कर सहायता प्रदान की जाएगी।