अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। एफएसडीए (खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन) की क्षेत्रीय जन विश्लेषक लैब में कार्यरत आउटसोर्स महिलाकर्मी ने सहायक आयुक्त खाद्य एवं प्रभारी अधिकारी लैब पर अभद्रता का आरोप लगाया हैं। पीड़िता ने राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष, मुख्यमंत्री आदि से शिकायत की है। इस पर मंडलायुक्त ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर जांच शुरू करा दी है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि लैब में तीन महिलाकर्मी हैं। उसने सात सितंबर को लैब के शौचालय में गंदगी रहने पर आपत्ति जताई। इस पर लिखित में शिकायत करने के लिए कहा गया। उसने मेल के माध्यम से शिकायत कर दी। दोपहर करीब डेढ़ बजे सहायक आयुक्त खाद्य एवं प्रभारी अधिकारी लैब कार्यालय में आए। महिला ने आरोप लगाया कि उन्होंने अभद्र शब्द का इस्तेमाल किया। पीड़िता ने राज्य महिला आयोग अध्यक्ष, प्रमुख सचिव एफएसडीए, मंडलायुक्त और एसएसपी से भी शिकायत की है। वहीं, सहायक आयुक्त (खाद्य) का कहना है कि उन्होंने जांच टीम के सामने अपना पक्ष रख दिया है। लगाए गए आरोप असत्य और निराधार हैं।