झांसी। थाना रक्सा क्षेत्र में खेत पर काम कर रहे एक किसान की कुएं में गिरकर मौत हो गई। परिजन कुएं से निकालकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पलींदा गांव निवासी मानसिंह पाल (35) कोटखेरा गांव में खेती करते थे। बुधवार दोपहर वह खेत पर कार्य कर रहे थे। इसी बीच जानवरों को पानी पिलाने जाते समय संतुलन बिगड़ जाने के कारण कुएं में गिर गए। आवाज सुनकर आसपास के खेतों पर काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मानसिंह को कुएं से बाहर निकालकर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
खाद की दुकान से युवक ने साढे़ चार लाख रुपये चुराए
मऊरानीपुर। थाना मऊरानीपुर स्थित एक खाद्य की दुकान से एक युवक साढ़े चार लाख रुपये से भरा बैग लेकर भाग निकला। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी कैमरे में एक युवक रकम ले जाते नजर आया।
मऊरानीपुर निवासी पुष्पेंद्र साहू की बाजार में खाद की दुकान है। मंगलवार की दोपहर बैंक में जमा करने के लिए वह करीब साढ़े चार लाख रुपये रखे थे। इसी बीच एक युवक खाद खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचा। मौका पाकर बात करते समय उसने काउंटर में अंदर की तरफ रखे करीब साढ़े चार लाख रुपये लेकर भाग निकला। रकम गायब देखकर पुष्पेंद्र घबरा गए। उन्होंने खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी खंगाले। कैमरे में एक युवक रकम ले जाते नजर आया। पुलिस युवक की तलाश में जुट गई है।