लोगों ने पाया आग पर काबू, बिजली निगम को पत्र लिखकर मीटर बदलवाने की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शहर की झांसी होम्स सोसायटी में बृहस्पतिवार की दोपहर बिजली के पैनल में आग लग गई। इससे 12 मीटर जल गए। जानकारी होने पर आननफानन लोगों ने आग पर काबू पा लिया। आग लगने का कारण शाॅर्ट सर्किट बताया जा रहा है। लोगों ने बिजली निगम को पत्र लिखकर मीटर बदलवाने की मांग की है। सोसायटी में रहने वाले अरविंद कुमार सक्सेना ने बताया कि सोसायटी में 110 परिवार रहते हैं। ग्राउंड फ्लोर पर बिजली के पैनल लगे हैं। आग लगने की जानकारी होने पर सोसाइटी में खलबली मच गई। लोग अपने-अपने फ्लैट से निकलकर बाहर आ गए और आग पर काबू पाने में जुट गए। कुछ ही देर में लोगों ने आग पर काबू पा लिया। बताया जाता है कि काबू न पाया जाता तो आग फ्लैट तक पहुंच सकती थी। आग में मंजू, कपिल, पूनम शर्मा, ज्ञानेंद्र विश्वकर्मा, राहुल, प्रांजल, आशीष, प्रदीप, गोपाल दास, कमला, जयप्रकाश, पूजा चतुर्वेदी के यहां लगे मीटर जल गए।