झांसी। आरपीएफ डिटेक्टिव विंग और आरपीएफ पोस्ट झांसी ने एक टिकट दलाल को पांच निजी यूजर आईडी से आगामी यात्रा के 3965 रुपये के मूल्य के पांच टिकट समेत पकड़ा किया। जांच और पूछताछ के पश्चात मामला दर्ज किया गया।
आरपीएफ को लगातार निजी यूजर आईडी से टिकट बनाकर बेचने का कारोबार करने की शिकायत मिल रही थी। बुधवार को आरपीएफ डिटेक्टिव विंग और आरपीएफ पोस्ट ने गणेश चौराहा स्थित ओम साइबर कैफे पर छापा मारा। यहां शरद खरया (26), जाति गुप्ता निवासी ग्वालियर रोड शिव दुर्गा नगर गणेश चौराहा थाना सीपरी बाजार पर्सनल यूजर आईडी से टिकट बना रहा था। दुकान से 3965 रुपये मूल्य के कुल पांच टिकट मिले। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पर्सनल आईडी से टिकट बनाकर लोगों को महंगे दामों पर बेचता है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल और 1050 रुपये भी मिले। युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। टीम में उप निरीक्षक उमा यादव, सहायक उप निरीक्षक वीएस राजपूत, संजय प्रसाद कुशवाहा, आरक्षी दीपक कुमार, अरुण सिंह राजपूत और लोकेंद्र सिंह शामिल रहे।