संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। ग्वालियर-झांसी हाईवे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की सर्विस रोड की मरम्मत के चलते रविवार को एक लेन बंद कर दी गई। इससे वहां करीब 1.5 किलाेमीटर लंबा जाम लग गया। सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। बस समेत चार पहिया वाहन रेंगते रहे। देर-शाम मरम्मत पूरा होने के बाद सर्विस लेन खोली जा सकी। इसके बाद देर-रात किसी तरह ट्रैफिक बहाल हो सका।
करीब एक साल से झांसी-ग्वालियर एवं झांसी-शिवपुरी हाईवे पर फ्लाईओवर समेत टनल का निर्माण चल रहा है। इस वजह से यहां मार्ग काफी संकरा हो गया है, जबकि ट्रैफिक का भारी लोड बरकरार है। ऐसे में भारी वाहनों को सर्विस लेन से गुजारा जा रहा है। इससे जल संस्थान की पाइपलाइन फट गई। नहर की ओर की पटरी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस वजह से सर्विस लेन के धंसने का खतरा पैदा हो गया। रविवार दोपहर को इसकी मरम्मत कराने के लिए ग्रासलैंड से झांसी की ओर आने वाली लेन बंद कर दी गई। धीरे-धीरे वाहनों की कतार लगने लगी। ग्रासलैंड के आगे तक जाम लग गया। यहां से बाहर निकालने का कोई रास्ता भी नहीं दिया गया। वाहनों के चक्के थम गए। दूर-दराज सामान लादकर जाने वाले ट्रक एवं कंटेनर भी घंटों फंसे रहे। एनएचएआई के अफसर भी पहुंचे। उनका कहना था वैकल्पिक रास्ता न होने से इनको दूसरे रास्ते से नहीं निकाला जा सका। उन्होंने जल संस्थान अफसरों से जल्द मरम्मत पूरा कराने को कहा। जल संस्थान ने देर-शाम मरम्मत पूरा करा लिया। शाम करीब आठ बजे लेन खोल दी गई।
000000000
झांसी-ग्वालियर हाईवे पर नहर के पास पाइपलाइन फटने से जल संस्थान ने मरम्मत के लिए एक साइड बंद कर रखी थी। इससे वाहनों का जाम लग गया था। रात में मरम्मत पूरी होने के बाद लेन को खोल दिया गया। देर-रात तक ट्रैफिक बहाल हो गया।
अविनाश, डिप्टी मैनेजर, एनएचएआई
इनसेट
मेडिकल बाइपास पर भी लग रहा रोजाना जाम
एनएचएआई की ओर से मेडिकल बाइपास पर भी फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है लेकिन यहां भी वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध न कराने की वजह से झांसी से कानपुर की ओर जाने वाले वाहन रोजाना घंटों जाम में फंस जाते हैं। इस रास्ते से उरई समेत कई ग्रामीण इलाकों के लोग मेडिकल अस्पताल आते हैं लेकिन जाम में उनकी एंबुलेंस भी फंस जाती है।