झांसी। राजकीय इंटर कॉलेजों में सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए अभी और इंतजार करना होगा। आवेदन पत्रों के सत्यापन में हो रही देरी के चलते अब अगले वर्ष से पहले उनकी तैनाती संभव नहीं हो पायेगी। हालांकि, विभाग ने दावा किया था कि नवंबर माह में मेरिट सूची जारी कर दी जाएगी। दिसंबर माह में काउंसलिंग के उपरांत नियुक्ति पत्र दे दिया जायेगा।
मंडल के राजकीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक, अध्यापिका प्रशिक्षित स्नातक वेतनक्रम (एलटी ग्रेड) में सीधी भर्ती के लिए 30 अक्टूबर तक आये आवेदन पत्रों का सत्यापन कार्य चल रहा है। संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में चल रहे डाटा फीडिंग कार्य में अभी तक केवल 35 हजार आवदेनों का डाटा फीड हो सका है, जबकि झांसी मंडल से एक लाख आवेदन आये थे। इन आवेदनों के सत्यापन और फीडिंग में अभी और समय लगना तय है।
जेडी मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि शासन की ओर से निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 28 नवंबर तक मेरिट लिस्ट जारी करनी थी, लेकिन अभी तक सत्यापन और डाटा फीडिंग नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि झांसी मंडल में आने वाले जिलों में झांसी, ललितपुर और जालौन में महिला अध्यापक के लिए 140 पद और पुरुष अध्यापक के लिए 105 पद सृजित हैं।