झांसी। सोमवार को पोलिंग पार्टियों का रेंडमाइजेशन हुआ, जिसके जरिये उन्हें बूथ आवंटित किए गए। पोलिंग पार्टियों की रवानगी मंगलवार को होगी।
एनआईसी में आयोजित रेंडमाइजेशन में जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी समीर वर्मा ने कहा कि सभी पोलिंग पार्टियां 29 अप्रैल को प्रात: छह बजे राजकीय इंटर कालेज पहुंच जाएं। यहां विधानसभावार बने काउंटर से नियुक्ति पत्र प्राप्त कर लें। मतदान कार्मिक अपना मोबाइल खुला रखें, जिससे किसी भी जानकारी के लिए उनसे तत्काल संपर्क किया जा सके।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) राहुल सिंह ने कहा कि पोलिंग पार्टी के सभी सदस्यों के उपस्थित होने पर पीठासीन अधिकारी इसकी सूचना सेक्टर मजिस्ट्रेट को देंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट की अनुमति से ही वाहन प्रस्थान करेगा। अनुपस्थित व विलंब की स्थिति में संबंधित कर्मी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाएगी।
इस मौके पर एनआईसी के वरिष्ठ तकनीकी निदेशक दीपक सक्सेना, मो. आसिफ खान आदि मौजूद रहे।