झांसी। पुलिस ने आईएसआई एजेंट के करीबियों की ओर नजरें घुमानी शुरू कर दी हैं। बरामद कागजों व डायरी पर अंग्रेजी में लिखे शब्दों के भावार्थ निकाले जा रहे हैं। वहीं, मंगलवार को खुफिया टीमों ने थाना सदर पुलिस से संपर्क कर जरूरी सूचनाएं एकत्रित कीं।
रविवार की रात एटीएस ने भारतीय सेना की महत्वपूर्ण सूचनाएं व दस्तावेज आईएसआई को उपलब्ध कराने के आरोप में सेना के सेवानिवृत्त सूबेदार इंद्रपाल कुशवाहा को गिरफ्तार किया था। बांदा के गांव बिछावरी के मूल निवासी व सेवानिवृत्ति के बाद टैगोर लैन सदर बाजार में रहने वाले इंद्रपाल के पास से काफी सामग्री बरामद की गई थी।
पुलिस उसके पास से मिले चार कागजों पर अंग्रेजी के कैपिटल लेटर में लिखे शब्दों के भावार्थ निकालने में जुटी हुई है। कोट की जेब से मिली डायरी में दर्ज फोन नंबरों की भी पड़ताल की जा रही है। गिरफ्तार आईएसआई एजेंट के करीबियों पर भी नजरें गढ़ा दी गई हैं।
मंगलवार को आईबी, सेना की गुप्तचर इकाई व जिला अभिसूचना इकाई (एलआईयू) ने सदर थाने पर संपर्क कर मामले की जानकारी की। थानाध्यक्ष खलीक अहमद का कहना है कि गिरफ्तार आईएसआई एजेंट के करीबियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। सहयोग करने वालों की तलाश की जा रही है।