झांसी। प्रमुख सचिव पंचायतराज आर एम श्रीवास्तव ने कंबल वितरण की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि नमूना प्राप्त करने के बाद ही जिला क्रय समिति सप्लाई आर्डर कंपनी को देगी। धनराशि की कोई कमी नहीं है। वह वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा कर रहे थे।
भूख मुक्ति एवं जीवन रक्षा गारंटी योजना के अंतर्गत बीपीएल श्रेणी के वृद्ध जनों को निशुल्क कंबल वितरण के तहत प्रमुख सचिव ने कहा कि लाभार्थी को कंबल देते समय रसीद तथा वितरण रजिस्टर पर हस्ताक्षर करना आवश्यक है। प्रदेश स्तर से अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रथम भ्रमण 19 जनवरी से 22 जनवरी व द्वितीय भ्रमण 27 जनवरी से 29 जनवरी को निश्चित किया गया है। जिले में 03 फरवरी तक कंबल वितरण किया जाना है। जिला पंचायतराज अधिकारी के के सिंह ने बताया कि कार्यालय में कंट्रोल रूम बना दिया गया है। इसका नंबर 0510- 2332498 है। जिले में महिला लाभार्थी 16,907 और पुरुष 17,587 हैं। लाभार्थियों की सूची अपडेट करते हुए साइट पर अपलोड कर दी जाएगी। इस मौके पर डीडीओ हीरालाल, नेटवर्क इंजीनियर मृगांक मोहन, प्रदीप उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।