झांसी। जूनियर डॉाक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. रविकांत ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने की वजह से महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कालेज में डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं आम हो गईं हैं। ऐसे माहौल में चिकित्सा सेवाएं देना आसान नहीं रहा है। मेडिकल कालेज परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए।
रविवार को कालेज परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए जूडा अध्यक्ष ने कहा कि दुष्प्रचार कर मेडिकल कॉलेज के डाक्टरों की छवि धूमिल की जा रही है। काम के अधिक दबाव के बावजूद जूडा दिन - रात स्वास्थ्य सेवाएं देने में जुटे हुए हैं। यहां रोजाना एक हजार से अधिक मरीज ओपीडी में आते हैं तथा लगभग पांच सौ मरीज हर समय भर्ती रहते हैं। इन सभी का इलाज पूरी तत्परता के साथ किया जाता है। उन्होंने कहा कि बीते 11 नवंबर की घटना में मरीज के साथ आए तीमारदारों ने डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार किया था। लेकिन, डॉक्टरों की कोई नहीं सुन रहा है। यहां तक कि उन्हें अपना पक्ष रखने तक का मौका नहीं दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह डॉक्टरों की मनोदशा व परिस्थितियों को समझें। डॉक्टर उनकी सेवा के लिए हैं न कि लड़ने - झगड़ने के लिए। उन्होंने मेडिकल कालेज परिसर में पुलिस की तैनाती करने व मरीज के साथ सीमित संख्या में तीमारदारों को अस्पताल परिसर में प्रवेश देने की इजाजत देने की मांग की। इस मौके पर डा. विजय, डा. सुशील पटेल, डा. भूपेंद्र आदि मौजूद रहे।