झांसी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत लाभार्थियों को अस्पताल तक आने- जाने के लिए भर्ती होने की स्थिति में यात्रा भत्ता के रूप में सौ रुपये प्रदान किए जाएंगे। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय, लखनऊ ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत कार्ड धारकों को यात्रा भत्ता से लाभान्वित करने का निर्णय लिया है। अस्पताल में भर्ती होने के बाद डिस्चार्ज होने पर प्रत्येक बीमा कार्डधारी एवं उसके चार पारिवारिक सदस्यों को यात्रा भत्ता प्रदान किया जाएगा। बीमा योजना के कार्ड की वैधता समाप्त होने पर यात्रा भत्ता का लाभ नहीं मिलेगा। यह भत्ता अस्पताल प्रशासन द्वारा नकद प्रदान किया जाएगा। इसके लिए लाभार्थी को किसी प्रकार का बिल या टिकट प्रस्तुत नहीं करना होगा। वहीं, यात्रा में अधिक खर्च आने पर भी सौ रुपये ही प्रदान किए जाएंगे। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विनोद यादव का कहना है कि नए प्रावधान से मरीजों को फायदा मिलेगा।
मिलता है तीस हजार रुपये का लाभ
झांसी। जनपद में सन 2009 से राष्ट्रीय बीमा स्वास्थ्य योजना लागू की गई थी। योजना के तहत प्रत्येक वर्ष करीब 40 हजार लाभार्थियों के स्मार्ट कार्ड बनाए जाते हैं। अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में मरीज को तीस हजार रुपये तक के इलाज की निशुल्क सुविधा प्रदान की जाती है। लेकिन, विगत तीन सालों की रिपोर्ट के अनुसार मात्र 500 से 700 लाभार्थी ही इस योजना का लाभ उठा सके हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि बदलाव के बाद योजना का लाभ लेने के लिए अधिक लोग आगे आएंगे।