झांसी। रक्सा थानांतर्गत गांव डगरवाहा में नामजदों ने रविवार को मामा-भांजे को मारपीट करके घायल कर दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जाति सूचक शब्दों से अपमानित भी किया।
हजारीलाल अहिरवार पुत्र सोरती अहिरवार का आरोप है कि गोविंद यादव के पुत्र मोंटी यादव व जय यादव और सज्जन यादव के पुत्र सतवीर ने पूर्वाह्न करीब 11 बजे उसे और उसके भांजे को मारपीट करके घायल कर दिया। इस मामले को धारा 323, 504, 506 व एससी/एसटी एक्ट में दर्ज किया है।
ट्रैक्टर की टक्कर से युवक घायल
झांसी। बबीना थानांतर्गत गांव शरमा में ट्रैक्टर की टक्कर से एक युवक को घायल करने का मामला रविवार को दर्ज कराया गया है। राम किशुन पुत्र टीकाराम ने बताया कि गांव के ही मुकेश यादव पुत्र साकाराम यादव ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाकर 21 जून को उसके भाई उत्तम यादव को घायल कर दिया था। इस मामले को पुलिस ने धारा 279, 337, 338 में दर्ज किया है।
बस की टक्कर से मौत का मामला दर्ज
झांसी। बड़ागांव थानांतर्गत गांव बराठा में यूपी रोडवेज बस की टक्कर से घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसकी रिपोर्ट रविवार को थाने में दर्ज कराई गई है। मुकेश राजपूत पुत्र विजय सिंह निवासी लिदौरा का आरोप है कि पांच मई को रोडवेज बस संख्या यूपी93ई- 5397 के चालक की लापरवाही से उसका बहनोई देवकी नन्दन निवासी बराठा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। यह मामला धारा 279, 338, 304ए में दर्ज किया गया है।