झांसी। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली चोरी रोकने के लिए अवर अभियंताओं को प्रति माह पचास प्राथमिकी दर्ज करानी होंगी। विद्युत वितरण खंड ग्रामीण के अधिशासी अभियंता ने इस संबंध में अवर अभियंताओं को निर्देश दिए हैं। बिजली चोरी के कारण ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक भार आने से अक्सर आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे सही उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति नहीं मिल पाती है। वहीं, दूसरी ओर निगम को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। इसे देखते हुए विद्युत वितरण खंड ग्रामीण के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने अधीनस्थ बारह अवर अभियंताओं को अपने कार्य क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर कटिया डालकर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अवर अभियंताओं को प्रत्येक माह पचास प्राथमिकी दर्ज करानी होंगी।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि गांवों में नये संयोजन देने के लिए कैंप लगाए जा रहे हैं, जिससे बिजली चोरी पर अंकुश लगाया जा सके।