झांसी। राजेंद्र नगर इंदौर एक्सप्रेस के वातानुकूलित कोच में चोरी होने पर शनिवार को सुबह रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर खूब हंगामा हुआ। पीड़ित यात्री द्वारा शक जताए जाने पर तीनों वातानुकूलित कोचों के अटेंडेंट मौके से भाग खड़े हुए। इस दौरान ट्रेन की चेन पुलिंग भी हुई। इस घटना के कारण एक घंटे तक ट्रेन प्लेटफार्म पर खड़ी रही।
गाड़ी संख्या 19314 राजेंद्र नगर इंदौर एक्सप्रेस के वातानुकूलित ए वन कोच की बर्थ संख्या 26 से 29 पर नवाबाद थाना क्षेत्र के झोकन बाग निवासी अखिलेश बरसैया अपने साथियों के साथ लखनऊ से झांसी के लिए यात्रा कर रहा था। उसके साथियों को भोपाल जाना था, जबकि उसे झांसी में उतरना था। चलती गाड़ी में उसका बैग चोरी हो गया। बैग में नकदी, आवश्यक कागजात आदि सामान रखा हुआ था। ट्रेन के झांसी में प्लेटफार्म दो पर सुबह 10.29 बजे रुकने पर यात्री को चोरी की जानकारी हुई। खोजबीन के दौरान शक होने पर यात्री ने कोच अटेंडेंट से पूछताछ की, लेकिन उसने भी अनभिज्ञता जाहिर कर दी। देखते ही देखते हंगामे की स्थिति बन गई। ट्रेन चलने को हुई तो चेन पुलिंग कर दी गई।
चेन पुलिंग की सूचना पर आरपीएफ व जीआरपी मौके पर पहुंच गई। जीआरपी ने कोच अटेंडेंट को तलाशा। पाया गया कि तीनों कोच अटेंडेंट गायब हो चुके थे। बाद में जीआरपी ने कोच अटेंडेंट के साथ चल रहे एक नाबालिग व कोच में तैनात रेलवे मेकेनिकल विभाग के कर्मचारी इंदौर निवासी नितिन को पूछताछ के लिए उतार लिया। तब कहीं जाकर ट्रेन 11.35 बजे गंतव्य के लिए रवाना हो सकी। प्लेटफार्म पर मौजूद कर्मचारियों की मानें तो कोच के तीन और यात्रियों का सामान चोरी हुआ था, लेकिन पुलिसिया पचड़े से बचने के लिए उन्होंने शिकायत तक दर्ज नहीं कराई।