झांसी। जनपद में स्वास्थ्य सेवाएं पटरी से उतरी हुई हैं। स्वास्थ्य केंद्रों का हाल बुरा है। वहां न तो सफाई व्यवस्था चौकस है और न ही स्टाफ सही काम कर रहा है। इस हकीकत से मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी रूबरू हुए। बंगरा में जहां नसबंदी आपरेशन के बाद मरीजों को जमीन पर लिटाया जा रहा था तो रानीपुर सब हेल्थ सेंटर पर ताला लटका हुआ था। नलों की टोंटी नहीं थी, टीवी भी चोरी हो गया था। और तो और एएनएम को चौदह गांवों में टीकाकरण करना था, लेकिन उन्होंने मात्र छह गांवों में ही काम किया। गुस्साए सीएमओ ने लापरवाहों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विनोद यादव दिन में 2.30 बजे बंगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उस समय वहां नसबंदी कैंप चल रहा था। वहां गंदगी तो फैली ही हुई थी, नसबंदी के बाद महिलाओं की जमीन पर लिटाया जा रहा था। यह देख सीएमओ का पारा चढ़ गया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को आड़े हाथ लेते हुए मरीजों को वार्ड में पलंग पर लिटाने का आदेश दिया। पूछताछ करने पर पाया कि अस्पताल का स्वीपर छह नवंबर से गायब है। सीएमओ ने स्वीपर का वेतन काटने का आदेश दिया।
इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र का रिकार्ड खंगाला तो गड़बड़ियां ही गड़बड़ियां उजागर हुईं। पाया गया कि आठ नवंबर को टीकाकरण दिवस के दिन आशा व एएनएम को 14 गांव कवर करने थे, लेकिन स्टाफ ने मात्र छह गांवों में ही टीकाकरण किया। शेष गांवों की किसी प्रकार की सूचना दर्ज नहीं थी। रोगी कल्याण समिति की बैठकें भी आयोजित नहीं की गईं थीं। पोलियो पल्स अभियान के सभी रिकार्ड गायब थे। पंद्रह दिन से कंप्यूटर खराब था। इंटरनेट भी बंद था। किसी प्रकार की रिपोर्टिंग नहीं भेजी जा रही थी। और तो और वित्तीय वर्ष 2012-13 का कैश व लेजर बुक भी नहीं बनायी गयी थी। खर्चे रजिस्टर में दर्ज किए जा रहे थे। अस्पताल के सुपरवाइजर के पास आय व्यय को दर्ज करने का चार्ज था। इस पर सीएमओ ने तत्काल सुपरवाइजर को हटाने एवं लिपिक को चार्ज देने के निर्देश दिए।
उन्होंने पाया कि अप्रैल से नवंबर तक आशाओं को एक पाई भुगतान के रूप में नहीं दी गई। सीएचसी पर न्यू बोर्न बेबी कार्नर तो है, लेकिन उसका रखरखाव अच्छा नहीं था। लैब में वीडीआरएल व वीडाल टेस्ट नहीं किया जा रहा था। पूछने पर लैब टेक्नीशियन ने बताया कि केमिकल समाप्त हो गया है। इस पर सीएमओ ने पूछा कि डिमांड भेजी है, तो वह बगलें झांकने लगा। सीएमओ ने सीएचसी में व्याप्त कमियों को देखते हुए प्रभारी चिकित्सा चिकित्सा अधिकारी की खूब खबर ली। उनको कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा।
यहां से वह न्यू पीएचसी रानीपुर पहुंचे। वहां अस्पताल का बोर्ड नहीं लगा था। परिसर में चार नल लगे हुए थे, लेकिन टोंटियां नहीं थीं। टीवी भी चोरी हो चुका था। लैब टेक्नीशियन द्वारा तीन माह से बीमारी व संक्रामक रोग की सूचना आईडीएसपी सेल को नहीं भेजी जा रही थी। यहां रात में स्टाफ भी नहीं रुकता है। सीएमओ ने प्रभारी अधिकारी को कमियों को दूर करने के लिए रोगी कल्याण समिति मद से खर्च करने एवं हर सप्ताह रिपोर्ट भेजने का आदेश दिया।
बाद मेें वह उप केंद्र रानीपुर पहुंचे। उस समय केंद्र पर ताला लटक रहा था। गांव वालों ने बताया कि आशा द्वारा फोन करने पर एएनएम आती है। सीएमओ ने सब सेंटर पर आशा व एएनएम का मोबाइल नंबर लिखने का आदेश दिया। यहां से वह सीधे न्यू पीएचसी बरुआसागर पहुंचे। यहां पर डिलीवरी कम हो रही थी और न्यू बेबी कार्नर भी नहीं बनाया गया था। निरीक्षण के समय एसीएमओ डा. आर आर सिंह, डीसीएम ऋषिराज सिंह व डा. अनुराधा राजपूत साथ में रहीं।