झांसी। सीपरी बाजार विद्युत उपकेंद्र पर दूसरे दिन भी सर्वर प्रॉब्लम के कारण उपभोक्ताओं के बिल नहीं बन सके। इससे गुस्साए उपभोक्ताओं ने बिजली घर पर हंगामा किया। इसी तरह सुकुवां ढुकुवां कालोनी में दो में एक काउंटर बंद रहने से उपभोक्ताओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विद्युत विभाग ने महानगर में अगस्त माह से ई बिलिंग व्यवस्था शुरू की है, लेकिन तीन माह बाद भी यह आधुनिकीकरण उपभोक्ताओं को रास नहीं आ पाया है। आए दिन उपकरणों की खराबी व कनेक्टिविटी की प्रॉब्लम से उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। शुक्रवार को सीपरी बाजार विद्युत उपकेंद्र पर बिल जमा करने के लिए सौ से अधिक लोग कतार में लगे थे। सुबह दस बजे अठारह बिल बनते ही बीते रोज की तरह सर्वर (कनेक्टिविटी) ठप पड़ गया, जिससे बिल बनने का काम बंद हो गया। इस पर कतार में खड़े लोगों में गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हंगामा किया। इस दौरान कतार में खड़े रहने से एक वृद्ध उपभोक्ता की हालत बिगड़ गई। उसकी यह हालत देख कमरे में ले जाकर उसे बैठाया गया। बाद में अवर अभियंता एस के सेन के आग्रह पर कुछ उपभोक्ताओं ने बिल व रुपये उन्हें थमा दिए। इसके बाद अवर अभियंता ने कर्मचारी के साथ विद्युत वितरण खंड एक के कार्यालय पहुंचकर बिल बनवाए। वहीं, आधे से अधिक उपभोक्ताओं ने बिल व रुपये देना मुनासिब नहीं समझा। वह विद्युत अव्यवस्था को कोसते वापस लौट गए। मालूम हो कि इस माह सीपरी बाजार बिजली घर पर ऐसी स्थिति पांचवीं दफा बनी।
इसी तरह इलाहाबाद बैंक चौराहे से स्टेशन रोड पर सुकुवां ढुकुवां कालोनी स्थित विद्युत वितरण खंड एक कार्यालय में एक कर्मचारी के अवकाश पर होने से दो में एक काउंटर ही खुल सका, इस कारण उपभोक्ताओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। मालूम हो कि वितरण खंड प्रथम कार्यालय में दो काउंटरों के हिसाब से दो कर्मचारियों की ही आईडी बनवाई गई है, इस कारण दोनों में किसी भी कर्मी के अवकाश पर जाने पर वह काउंटर बंद करना पड़ता है।