फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दारोगा समेत चार पुलिस कर्मी फंसे

Wed, 21 Nov 2012 12:00 PM IST
Jhansi
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
झांसी। एक इंस्टीट्यूट के प्रबंधक को रुपये ऐंठने के चक्कर में जेल भेजने की धमकी देने के मामले में एक दारोगा समेत चार पुलिस कर्मी फंस गए हैं। सोमवार की रात में हुई शिनाख्त परेड में पीड़ित ने चारों को पहचान लिया है। चारों से पूछताछ के बाद जांच रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। इस रिपोर्ट को एएसपी बुधवार को एसएसपी को सौंपेंगे।
दस नवंबर को कोतवाली थानांतर्गत बकरा मंडी चौराहा स्थित एराइज मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट में काम करने वाला मूलत: हरदा जिला के टिगरनी थाना क्षेत्र निवासी एक युवक इंस्टीट्यूट में काम करने वाली एक युवती को फुसलाकर अपने साथ ले गया। इसकी सूचना इंस्टीट्यूट मैनेजर इलाहाबाद के नवाबगंज थानांतर्गत गांव सिंगापुर निवासी वीरन सिंह यादव ने कोतवाली पुलिस को दी। पंद्रह नवंबर को युवती के पिता ने इंस्टीट्यूट पर आकर हंगामा काटा। इसके बाद 17 नवंबर की दोपहर युवती के पिता ने मैनेजर को बातचीत के लिए कचहरी बुलाया तो वह वहां पहुंच गया।
विज्ञापन

मैनेजर के अनुसार वहां एक दारोगा और सिविल ड्रेस में मौजूद तीन सिपाहियों ने उसे पकड़ लिया। स्वयं को एसओजी टीम का बताते हुए सिपाही उसे थाना नवाबाद ले गए। वहां उसे एक कमरे में बैठाया गया। छोड़ने के नाम पर रुपये की मांग की गई। पहले 40 फिर 50 हजार रुपये मांगे गए। इसकी जानकारी मैनेजर ने अपने अधिकारी को दी। साथ ही पुलिस कर्मियों को भी अधिकारी का मोबाइल नंबर दे दिया।
अपने मैनेजर को थाने में बैठा होने व रुपये मांगे जाने की जानकारी अधिकारी ने एसपी सिटी को दी। संयोग से जब वह एसपी सिटी को घटना के बारे में बता रहे थे, तभी एक पुलिस कर्मी ने फोन करके रुपये का इंतजाम न होने पर मैनेजर को जेल भेजने की धमकी दी। इस पर उन्होंने एसपी सिटी अवधेश कुमार को अपना अधिकारी बताते हुए कहा कि इतने रुपये तो यही अधिकारी आपको देंगे, इनसे बात कर लीजिए। पुलिस कर्मी ने एसपी सिटी को कंपनी का अधिकारी समझते हुए रुपयों की मांग की। यह सुनकर एसपी सिटी नाराज हो गए। वह तुरंत कंपनी के अधिकारी को लेकर थाने पहुंचे, लेकिन पोल खुलने की जानकारी होते ही पुलिस कर्मी इधर-उधर हो गए। उन्होंने थाने में बैठे मैनेजर को छुड़वाया। साथ ही पूरे मामले की जांच एएसपी बबलू कुमार को सौंपी।
विज्ञापन

एएसपी ने सोमवार की रात धमकाकर रुपयों की मांग करने वाले पुलिस कर्मियों की शिनाख्त के लिए परेड कराई। एएसपी बबलू कुमार के अनुसार शिनाख्त परेड में पीड़ित ने पुलिस कर्मियों की शिनाख्त की है। पूछताछ के बाद जांच रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। रिपोर्ट बुधवार को एसएसपी को सौंपी जाएगी। माना जा रहा है कि चारों पर गाज गिरना तय है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें