झांसी। बदहाल हो चुके पंचकुइयां तिकोना पार्क की सूरत बदली जाएगी। महापौर ने निरीक्षण कर इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को पार्क को भूमाफियाओं से बचाने और उसके सुंदरीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने पानी वाली धर्मशाला की गंदगी भी देखी।
शनिवार को महापौर श्रीमती किरन वर्मा ने पंचकुइयां क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने तिराहा पर पीछे की ओर बने तिकाने पार्क को देखा। मुहल्ले वालों ने बताया कि आसपास मार्केट होने के कारण भूमाफियाओं की इस जगह पर नजर है, इसलिए धीरे- धीरे करके पार्क की रेलिंग और बाउंड्रीवाल आदि तोड़ दी गई। एक - दो पेड़ भी गायब कर दिए गए हैं। इस पर महापौर ने पार्क का सुंदरीकरण कराने, उसकी बाउंड्रीवाल और रेलिंग आदि बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पानी वाली धर्मशाला का भी निरीक्षण किया। यहां घाटों पर चारों ओर गंदगी के ढेर लगे थे। मुहल्ले वालों ने धर्मशाला के बगल से निकले नाले की सफाई न होने की भी शिकायत की। सफाई निरीक्षक अनिल कुमार आजाद ने बताया कि नाले के ऊपर मकान बन गए हैं, इस कारण सफाई कराने में दिक्कत है। मुहल्ले वालों ने बताया कि नाले पर बने कुछ मकानों के अंदर चैंबर बने हैं, अगर वहां सफाई करा दी जाए तो काफी हद तक गंदगी दूर हो जाएगी। इस पर महापौर ने धर्मशाला व चैंबरों की सफाई कराने और आसपास के लोगों की निगरानी समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों के जागरूक हुए बिना तालाब मेंडाली जाने वाली गंदगी को नहीं रोका जा सकता। जागरूकता के लिए तालाब के घाटों पर पोस्टर, बैनर आदि लगाने को कहा गया। उन्होंने उखड़ी सड़कों और नालियों को भी सही कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव श्रृंगीऋषि, राजू बुकसेलर, पार्षद लखन कुशवाहा, संजीव अग्रवाल, राजीव सिंह जादौन, शिवनारायण मिश्रा, रोहित गोठनकर आदि मौजूद रहे।