झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में वार्षिक परीक्षा की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। 25 नवंबर को आनलाइन परीक्षा फार्म को नेट पर लोड करने की संभावना है। इस बार दागी परीक्षा केंद्रों को परीक्षा से बाहर रखा जाएगा, जबकि नए परीक्षा केंद्रों की जांच के लिए कमेटी गठित की जा रही है।
विश्वविद्यालय से करीब 145 महाविद्यालय संबद्ध हैं। सत्र 2012-13 की परीक्षा में करीब 1.65 लाख परीक्षार्थियों के बैठने की संभावना है। जानकारों की मानें तो परीक्षा को शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने के लिए करीब 125 से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए जाने की जरूरत है। पूर्व में विश्वविद्यालय प्रशासन ने 10 नवंबर तक वार्षिक परीक्षा के फार्म नेट पर लोड करने की योजना बनाई थी, लेकिन कर्मचारियों की सुस्ती के कारण नेट पर फार्म नहीं लोड हो सका। अब 25 नवंबर तक परीक्षा फार्म को नेट पर लोड करने की योजना है। इस बार विश्वविद्यालय व महाविद्यालय के नियमित व प्राइवेट विद्यार्थियों के लिए एक साथ वार्षिक परीक्षा फार्म नेट पर लोड किया जाएगा। इधर, हर साल करीब एक दर्जन नए कालेज खुलते हैं, जिन्हें परीक्षा में शामिल किया जाता है। वार्षिक परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। पूर्व में सामूहिक नकल में पकड़े गए परीक्षा केंद्रों को इस बार परीक्षा से बाहर रखने की योजना है। साथ ही इस साल खुले महाविद्यालयों में परीक्षा के इंतजाम देखने के लिए कमेटी का गठन किया जाना है, जो कि कालेजों का भौतिक सत्यापन करके परीक्षा केंद्र बनाए जाने का निर्णय लेगी।