झांसी। बुधवार को हंसारी की मलिन बस्तियों में मानो पूरा हिंदुस्तान उमड़ पड़ा। पंजाब, उत्तराखंड, हरियाणा, बिहार, छत्तीसगढ़, राजस्थान व उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए युवाओं की टोली राष्ट्रीय युवा योजना के निदेशक व गांधीवादी विचारक डॉ. एस एन सु्ब्बाराव की अगुवाई में यहां श्रमदान के जरिए सफाई के लिए पहुंची थी। इस टोली को मंडलीय आयुक्त सत्यजीत ठाकुर भी कंधे से कंधा मिला कर सहयोग देने में जुटे थे। इन बस्तियों के चप्पे- चप्पे की सफाई कर सभी को न केवल श्रमदान का महत्व बताया गया, बल्कि सफाई के लिए भी उन्हें जागरूक किया गया।
राष्ट्रीय युवा योजना के तत्वावधान में यहां आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय एकता युवा शिविर के अंतिम दिन बुधवार की सुबह हंसारी की मलिन बस्तियों में देश के विभिन्न हिस्सों से आए युवा सफाई के लिए पहुंचे। इन युवाओं से प्रेरणा लेकर अन्य लोगों ने भी सफाई में सहयोग दिया। देखते ही देखते गंदगी का यहां नामोनिशान मिट गया। इस मौके पर उपस्थित लोगों से आह्वान किया गया कि भविष्य में भी वह अपने आसपास की गंदगी की सफाई करते रहें।
उधर, देर शाम हुए समापन समारोह की शुरआत प्रार्थना सभा से हुई। इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए युवाओं ने देश की विभिन्न लोक संस्कृति से लोगों को रूबरू कराया। साथ ही अपने- अपने प्रांतों की विशेषताओं से सभी को अवगत कराया। वहीं, केंद्रीय राज्यमंत्री प्रदीप जैन आदित्य व नगर विधायक रवि शर्मा ने उपस्थिति दर्ज करा कर युवाओं का उत्साहवर्द्धन किया।
इस मौके पर नाबार्ड के डीडीएम डा. सुरेंद्र बाबू ने युवाओं को रोजगार के अवसरों की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान डा. आर सी गुप्ता ने इलाहाबाद के के के श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ के विनय लक्ष्मण शुक्ला, उड़ीसा के मधुसूदन दास, राजस्थान के सुरेश कुमार, बिहार के नीरज, मुकेश झा, केशव पांडेय, महाराष्ट्र के नरेंद्र भाई को सम्मानित किया।
इस अवसर पर शैलेंद्र सिंह, धीरेंद्र सिंह, मोनू पाठक, मोहित अग्रवाल, सागर राय, आकाश कुमार, संजीव माहौर, चिंटू, सृजन त्रिपाठी, पंकज देवधर, भूपेंद्र राजपूत, आकाश दुबे, श्वेता मेघा, आकाश राजपूत, सृष्टि, प्रियंका, गीता, आरती, रानी, अश्विनी, अर्चिता, प्रिया, आशीष, विकास आदि मौजूद रहे।