झांसी। शुक्रवार को जिला ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित जिला ओलंपिक- 2012 का शुभारंभ बेटी बचाओ संकल्प यात्रा के साथ किया गया। पहले दिन हैंडबाल, वालीबाल, कबड्डी, फुटबाल, क्रिकेट व हाकी के मैच में विभिन्न स्कूलों की टीमों ने हाथ आजमाए। वॉलीबाल बालिका वर्ग का खिताब शेयरवुड स्कूल की टीम ने जीता।
सिद्धेश्वर मंदिर से शुरू हुई संकल्प यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक डा. रश्मि आर्या ने हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एसआरजीआई के चेयरमैन सुरेंद्र राय, होटल एब्रोसिया के डायरेक्टर मनीष राय व संतराम पेंटर रहे। इस रैली में शामिल दो हजार स्कूली बच्चे मेजर ध्यानचंद स्टेडियम पहुंचे। यहां पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंडित विश्वनाथ शर्मा ने जिला ओलंपिक के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन डा. नीति शास्त्री ने किया।
ओलंपिक के पहले दिन हैंडबाल बालक वर्ग में शेयरवुड कालेज की टीम विजेता रही, जबकि न्यू इरा पब्लिक स्कूल की टीम उपविजेता रही। वालीबाल बालक वर्ग के पहले दौर के मैच में आरएलपीएस ने शेयरवुड को 25-21 व 25-11 से हराया। जय एकेडमी ने केंद्रीय विद्यालय को 25-15 व 25-15 से तथा भेल शिक्षा निकेतन ने एल्पाइन स्कूल को 25-9 व 25-12 से हराया। वालीबाल बालिका वर्ग के फाइनल मैच में शेयरवुड ने 25-12 अंक से आरएलपीएस को परास्त किया।
कबड्डी में महेंद्र सिंह आर्य स्कूल की टीम ने शेयरवुड को 45-8 से, कैथेड्रिल कालेज ने संत उमर कालेज को 27-15 से तथा बीआईसी ने एल्पाइन पब्लिक स्कूल को 31-7 के बड़े अंतर से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
फुटबाल में कैथेड्रिल ने शेयरवुड को 3 - 1 के अंतर से हराया। वहीं, अंडर- 14 टेनिस बाल क्रिकेट में अग्रसेन ने एमएलएम बी को हराया। क्रिकेट में एमएलएम इंग्लिश मीडियम ने वुड्स हैरिटेज को और हाकी में एलवीएम ने ध्यानचंद टीम को 5-2 के अंतर से हराया।
इस अवसर पर रमेश गुजराल, कपिल, विमल शर्मा, मिर्जा शमीमा ने अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजक शरद नामदेव ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया।