युवती का हंगामा, दुल्हन को चांटा मारा
झांसी। थाना नवाबाद स्थित एक होटल में उस समय अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया, जब एक युवती ने मंगनी कार्यक्रम दौरान युवक पर शादी न करने का आरोप लगाते हुए दुल्हन को चांटा मार दिया। इस घटना के बाद होटल के हॉल में हड़कंप मच गया। रिश्तेदारों ने युवती की पिटाई भी कर दी। इस दौरान युवती के साथ आए युवकों ने सामान को फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की पड़ताल की।
थाना नवाबाद स्थित शिवाजी नगर में रहने वाला एक युवक रेलवे में चालक है। इलाके में ही रहने वाली एक युवती के साथ उसका रिश्ता तय हुआ। रविवार रात पुरानी तहसील के पास एक होटल में मंगनी होना तय हुई थी। शाम को सभी मेहमान होटल पहुंच गए थे। रात करीब नौ बजे सारी रस्में होेने के बाद दूल्हा व दूल्हन के साथ फोटो खिंचाई जा रही थीं। अधिकांश रिश्तेदार खाना खाने में व्यस्त थे। इसी बीच एक युवती चार पांच युवकों के साथ होटल के हॉल में पहुंची। युवती ने युवक पर शादी न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। युवती का हंगामा देख हॉल में हड़कंप मच गया। युवती ने रिश्तेदारों से अभद्रता कर कुर्सी पर बैठी दुल्हन को चांटा मार दिया। इससे हंगामा खड़ा हो गया। गुस्साए लोगों ने युवती के साथ मारपीट कर दी। लोग एकत्रित होता देख युवती घबराकर पीछे भागी। युवती के साथ आए युवकों ने सामान फेंक दिया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। नवाबाद पुलिस के आने से पहले युवती युवकों के साथ भाग निकली।