स्वाइन फ्लू के दस्तक देते ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
झांसी। जिले में स्वाइन फ्लू (एच1 एन1 वायरस) का मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो गया गया है। जिला चिकित्सालय में स्वाइन फ्लू के लिए अलग से वार्ड बनकर तीन डॉक्टरों की टीम गठित कर दी है।
स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए 11 बेड का वार्ड बनाया गया है। स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए अस्पताल में डॉ. डीएस गुप्ता, डॉ. रविकांत व पैथोलॉजिस्ट आरके सक्सेना सहित तीन डॉक्टरों की टीम गठित की गई है। बीमारी से संबंधित सभी दवाएं अस्पताल में उपलब्ध हैं। सीएमएस डॉ. बीके गुप्ता ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर अस्पताल में पूरी तैयारियां की जा चुकी हैं। पूर्व में स्वाइन फ्लू का एक मरीज का इलाज कर स्वस्थ किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि किसी भी मरीज में स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलने पर पूरे परिवार के रक्त के नमूने की जांच की जाती है।
क्या है स्वाइन फ्लू
स्वाइन फ्लू सुअरों में होने वाला सांस से संबंधित संक्रामक रोग है। जो कई स्वाइन इंफ्लुएंजा वायरसों से फैलता है। आमतौर पर यह बीमारी सूअरों में ही होती है लेकिन कई बार सूअरों के सीधे संपर्क में आने पर यह मनुष्यों में फैल जाती है।
क्या है स्वाइन फ्लू के लक्षण
- स्वाइन फ्लू में सर्दी, जुकाम, सूखी खांसी होना, थकान होना, सिरदर्द और आंखों से पानी आना इसके अलावा सांस भी फूलने लगती है। ऐसे में तुरंत डॉक्टर के पास जाने की जरूरत होती है।
स्वाइन फ्लू से बचाव
- इस बीमारी से बचने के लिए हाइजीन का खासतौर पर ध्यान रखना चाहिए। खांसते व छींकते समय टीशू से कवर रखें। बाद में टिशु को नष्ट कर दें।
- बाहर से आने पर तुरंत हाथों को साबुन से धोएं व एल्कोहल बेस्ड सेनेटाइजर का इस्तेमाल करें।
- स्वाइन फ्लू से पीड़ित व्यक्ति को मास्क पहनकर रखें।
- इस बीमारी के लक्षण वाले मरीज से दूरी बनाकर रखें।
- सांस लेने पर दिक्कत आने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।