बरुआसागर में बनेगा मिनी स्टेडियम
- ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोत्साहन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए बरुआसागर नगर पंचायत की ओर से कदम बढ़ाया गया है। नगर पालिका परिषद ने मिनी स्टेडियम बनाने के लिए जमीन देने का निर्णय लिया है। जल्द ही प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी जमीन का निरीक्षण कर वहां खेल के लिए संभावनाएं तलाशेंगे।
केंद्र और राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास कर रही। खासकर ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देकर उन्हें अच्छा खिलाड़ी बनाकर प्रदेश और नेशनल स्तर पर प्रति भाग करने के लिए आगे बढ़ा रही है। नगर पंचायत बरुआसागर अपनी जमीन पर मिनी स्टेडियम का निर्माण कराने जा रही है। इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। छोटी सी जमीन पर बेहतर सुविधाओं के साथ स्टेडियम का निर्माण हो, इसके लिए प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी को आमंत्रित किया है।
प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि इसी सप्ताह जमीन का निरीक्षण लेंगे। जमीन की लंबाई - चौड़ाई देखने के बाद वहां किन खेलों के लिए स्टेडियम तैयार करना है, यह निर्णय किया जाएगा। उन्होंने बताया ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए सबसे पहले रनिंग ट्रैक को तैयार करने की सुविधा देखी जाएगी। इसके बाद अन्य खेलों को जगह दी जाएगी।