भाजपा 2 नवंबर को जारी करेगी प्रत्याशियों की सूची
महापौर टिकट पर भी नहीं बन सकी सहमति
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
भाजपा महापौर और वार्ड प्रत्याशियों की सूूची दो नवंबर को जारी करेगी। अभी महापौर के टिकट के लिए भी किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन सकी है। अब पार्टी के महानगर निकाय चुनाव प्रभारी विद्या सागर सोनकर रविवार को फिर प्रमुख दावेदारों से बातचीत करेंगे।
भाजपा की नगर निकाय चुनाव की स्क्रीनिंग कमेटी में शामिल प्रदेश महामंत्री और प्रभारी विद्या सागर सोनकर, प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह, विधायक रवि शर्मा और सुबोध गुबरेले ने 60 वार्डों से आए 396 दावेदारों में 140 का चयन किया है। प्रदेश नेतृत्व के पास भेजी गई सूची में किसी वार्ड में दो तो किसी में तीन नाम भेजे गए हैं। पहले नंबर पर उसी दावेदार का नाम दिया गया है, जिसे स्क्रीनिंग कमेटी ने सबसे बेहतर प्रत्याशी माना है। हालांकि, महापौर के नाम पर अभी सहमति नहीं बन सकी है। इस टिकट के लिए 42 दावेदारों ने नामांकन किया है, जिसमें 15 ने लखनऊ से लेकर दिल्ली तक कई वरिष्ठ नेताओं से सिफारिश लगवाई हैं। इससे मामला फंसा हुआ है। साथ ही अन्य पार्टियों से महापौर प्रत्याशी के लिए बड़े नाम आने मामला और उलझ गया है।
ऐसी स्थितियों के कारण प्रभारी विद्या सागर सोनकर रविवार को दोबारा प्रमुख दावेदारों और स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्यों से दोबारा बातचीत करेंगे। वहीं, स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य सुबोध गुबरेेले ने दो नवंबर तक प्रत्याशियों की सूची जारी होने की उम्मीद जताई है। मालूम हो कि, झांसी में नगर निकाय चुनाव के लिए चार से दस नवंबर तक नामांकन कार्य होगा।