बीयू का लोगो लगाएं
.............................
बीटेक छात्रों को स्पेशल बैक परीक्षा की मंजूरी
- बीयू प्रशासन ने 30-35 विद्यार्थी को दी राहत
- नियत तिथि पर परिजनों को बुलाकर लाना होगा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
मंगलवार को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीटेक छात्र-छात्राओं को शर्तों के साथ स्पेशल बैक परीक्षा की मंजूरी दे दी है। बीयू की वेबसाइट पर छात्र-छात्राएं बुधवार से परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। हालांकि, तय तिथि पर विद्यार्थियों को अपने परिजनों को साथ लाना होगा।
बीटेक तृतीय वर्ष के 30-35 छात्र-छात्राएं प्रथम वर्ष की बैक क्लियर नहीं कर पाए हैं। इस कारण बीयू ने उनके चौथे वर्ष में प्रवेश करने से रोक लगा दी थी। बीयू के नियमानुसार यदि इंजीनियरिंग के छात्र-छात्राएं प्रथम वर्ष के सभी विषयों में पास नहीं होते हैं, तो उन्हें चौथे वर्ष में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाती है। तीन दिन पूर्व छात्र-छात्राओं ने कुलपति से मुलाकात कर स्पेशल बैक परीक्षा को मंजूरी देने की मांग की थी। इस पर वीसी ने विद्यार्थियों से परिजनों को बुलाकर लाने को कहा था। सोमवार को छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय के मेन गेट पर धरने पर बैठ गए थे। इसके बाद बीयू अधिकारियों ने बातचीत करके मामले को शांत कराया। मंगलवार को विद्यार्थी फिर धरने पर बैठ गए। कुछ ही देर में विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पेशल बैक परीक्षा को मंजूरी दे दी। हालांकि, विद्यार्थियों को अपने परिजनों को बुलाकर लाना होगा। डीन इंजीनियरिंग प्रो. आरके सैनी ने बताया कि अभी परिजनों से वार्ता करने की तिथि तय नहीं की गई है। विद्यार्थियों को बुधवार से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर स्पेशल बैक पेपर फॉर्म भरना होगा। इसका शुल्क 1500 रुपये प्रति विषय है।
बॉक्स..
भौतिक विज्ञान की स्पेशल बैक 26 से
झांसी। बीयू के भौतिक विज्ञान विभाग के एमएससी के छात्र-छात्राओं की स्पेशल बैक परीक्षाएं 26 सितंबर से 16 अक्तूबर तक चलेंगी। विभाग समन्वयक डॉ. कौशलेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि विभाग में परीक्षाएं सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक होंगी। विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम के लिए विद्यार्थी विभाग से संपर्क कर सकते हैं।