अभियान का लोगो
----------------
बारिश ने बचाया नर्सिंगहोम
सबहेड: नक्शे के विपरीत बने भवन को सील करने जा रही थी जेडीए की टीम
क्रासर
अब बृहस्पतिवार को होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
नक्शे के विपरीत बनी नर्सिंगहोम की बिल्डिंग बुधवार को बारिश के कारण सील होने से बच गई। एक घंटे से अधिक बारिश होने के कारण झांसी विकास प्राधिकरण की टीम कार्रवाई करने नहीं जा सकी। अब बृहस्पतिवार को कार्रवाई होगी।
लखनऊ के किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज में जुलाई में आगजनी की घटना के बाद अमर उजाला ने महानगर में मानकों के विपरीत बने नर्सिंगहोमों के खिलाफ अभियान चलाया था। यह अभियान का ही असर था कि मानक पूरे नहीं करने वाले 11 नर्सिंगहोम के नक्शे जेडीए ने निरस्त कर दिए थे। एक बिल्डिंग में नक्शा के विपरीत निर्माण था, इसलिए उसे सील करने तथा बिना मानचित्र के बने अन्य नर्सिंगहोम को सील करने के निर्देश दे दिए गए हैं। बुधवार को जेडीए में बिल्डिंग सील करने की तैयारी कर ली गई थी। सूचना थाना नवाबाद पुलिस को भी दे दी गई थी, ताकि पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में सीलिंग की कार्रवाई हो सके। पुलिस बल लेने के लिए जेडीए की टीम करीब 12 बजे थाना नवाबाद पहुंची ही थी कि पानी बरसने लगा। पहले हल्की बूंदाबांदी हुई, फिर तेज पानी बरसने के कारण जेडीए की टीम पानी रुकने का इंतजार करने लगी। करीब एक बजे तक पानी नहीं रुका तो टीम ने सीलिंग की कार्रवाई का इरादा बदल दिया और वापस चली गई।
बताया गया कि बेतवा विहार कॉलोनी में सड़क, पार्क व नाला निर्माण के टेंडर व पंचतंत्र पार्क के रखरखाव के टेंडर जेडीए में डाले जा रहे थे। ठेकेदारों की जेडीए कार्यालय में भीड़ लगी थी। इस कारण विभागीय कर्मचारी व्यस्त थे। सचिव सीपी तिवारी ने बताया कि बरसात होने और टेंडर के कारण कार्रवाई नहीं हो पाई, अब बृहस्पतिवार को कार्रवाई होगी।