-----
हाथ में देखा लोटा, नगर आयुक्त ने टोका
सब हेड: खुले में शौच कर रहे लोगों को बुलाकर बताए इसके नुकसान
क्रासर
बिपिन बिहारी कॉलेज के पीछे सार्वजनिक शौचालय बनवाने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
खुले में शौच मुक्ति के लिए चल रहे अभियान की पोल नगर आयुक्त प्रताप सिंह भदौरिया के सामने खुल गई। वह शनिवार सुबह सात बजे सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने निकले तो बिपिन बिहारी कॉलेज के पीछे कुछ लोग खुले में शौच करते मिले। उन्होंने इन लोगों को बुलाकर खुले में शौच के नुकसान की जानकारी दी तथा शौचालय बनवाने के लिए नगर निगम में आवेदन करने को कहा। साथ ही यहां सामुदायिक शौचालय बनवाने के निर्देश दिए।
शनिवार को नगर आयुक्त ने वार्ड नंबर 35 मढ़िया मुहल्ला में महाकालेश्वर मंदिर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई देखी। क्रिश्चियन हॉस्पिटल के पास खाली पड़ी जमीन पर कचरा का ढेर लगा था, उन्होंने सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके बाद वह वार्ड नंबर नौ का निरीक्षण करने गए, यहां पर ग्राउंड के पास गंदगी मिली। शौचालय में सफाई नहीं थी। उन्होंने सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने खुशीपुरा में बड़े नाले का निरीक्षण किया। नाला साफ हो गया था, लेकिन उसमें बहकर फिर से कचरा आ गया था। उसकी सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने झांसी क्लब और ध्यानचंद स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. राकेश बाबू, सफाई निरीक्षक मनोज कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
सड़क पर मलबा मिला तो होगी एफआईआर
नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान चिक वाली गली में मकानों का मलबा पड़ा था। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति सड़क पर मकानों का मलबा अथवा ईंटा या बालू डालेगा, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जुर्माना भी वसूली जाएगा, इसलिए जो भी व्यक्ति मकान बनवा रहे हों, वह सड़क छोड़कर बिल्डिंग मैटेरियल डालें। मलबा डालने पर उन्होंने शिवम अग्रवाल को नोटिस देने के निर्देश दिए। वहीं, खुशीपुरा में बालमुकुंद ने बताया कि पुराने मकान तोड़कर यहां मलबा डाला जा रहा है। उन्होंने सभी को नोटिस देने के निर्देश दिए।
एक सप्ताह में करें सफाई
नगर आयुक्त ने पानी वाली धर्मशाला तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने दिखा कि सफाई के दौरान तालाब की झिरों से आ रहे पानी के कारण सिल्ट निकालने में दिक्कत आ रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि गीली मिट्टी के बीच-बीच में सूखे बोरे डाले जाएं, ताकि पानी सोख लें। उन्होंने एक सप्ताह में पूरी सिल्ट निकालने कर सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ध्यानचंद स्टेडियम का भी निरीक्षण किया और सफाई कराने के निर्देश दिए।
नालियों के ऊपर से रैंप टूटेंगे
नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि पूरे शहर की नालियों के ऊपर जो लोग भी अतिक्रमण किए हैं अथवा रैंप बनाए हुए हैं। उन सभी को चिह्नित कर सूची तैयार कर लें। इसके बाद अतिक्रमण प्रभारी सभी अतिक्रमण हटाएं। उन्होंने आम जन से अपील करते हुए कहा कि रैंप फोल्डिंग बनवाएं ताकि नालियों की सफाई में परेशानी न हो।