- मतदान से तीन दिन पहले गाड़ियों की दर्ज करा ली जाएगी आमद
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। लोकसभा चुनाव में जनपद में 882 वाहनों का अधिग्रहण किया जाएगा। तहसील स्तर पर रूट चार्ट तय होते ही अधिग्रहण किया जाएगा। जबकि, मतदान से तीन दिन पहले सभी वाहनों की आमद दर्ज करा ली जाएगी।
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में झांसी-ललितपुर संसदीय सीट पर 20 मई को मतदान होगा। चुनाव की तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। पोलिंग पार्टियों को लाने ले जाने और मजिस्ट्रेटों के भ्रमण के लिए यहां 882 वाहनों को अधिग्रहित किया जाएगा। इनमें 381 भारी वाहन बस व ट्रक हैं। जबकि, 501 चौपहिया वाहन हैं। सहायक संभागीय प्रवर्तन अधिकारी (प्रवर्तन) खेमचंद गौतम ने बताया कि अभी जनपद की पांचों तहसीलों में चुनाव के लिए रूट चार्ट तय किए जा रहे हैं, जो दो-तीन दिन में फाइनल कर लिए जाएंगे। इसके बाद वाहनों के अधिग्रहण की कार्यवाही शुरू की जाएगी। 10 अप्रैल के बाद वाहनों के अधिग्रहण आदेश जारी किए जाएंगे। जबकि, चुनाव से तीन दिन पहले 17 मई को सभी अधिग्रहित वाहनों की आमद दर्ज करा ली जाएगी। इसे लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां जारी हैं।