- चार राजकीय विद्यालयों में बनाई जा रही हैं सात विज्ञान प्रयोगशालाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। यूपी बोर्ड के राजकीय विद्यालयों में प्रयोगशालाओं के निर्माण के लिए शासन ने दूसरी किस्त जारी कर दी है। इससे जनपद के चार विद्यालयों में प्रयोगशालाओं के निर्माण का काम फिर शुरू हो गया है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के राजकीय विद्यालयों में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत नई विज्ञान प्रयोगशालाएं तैयार कराई जानी हैं। जिले में 35 राजकीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इनमें चार विद्यालयों में प्रयोगशाला बनाने का प्रस्ताव पिछले सत्र में दिया गया था। 13.50 लाख रुपये की लागत से प्रयोगशालाएं तैयार की जा रही हैं। पहली किस्त जारी होने के बाद प्रयोगशालाओं का निर्माण कार्य शुरू हुआ लेकिन अगली किस्त के इंतजार में निर्माण कार्य बीच में रुक गया। लगभग आठ महीनों से प्रयोगशालाओं का काम रुका हुआ था। हाल ही में रमसा द्वारा दूसरी किस्त भी जारी कर दी है। इससे काम शुरू हो गया है। हर प्रयोगशाला के लिए सवा छह लाख रुपये जारी किए गए हैं।
डीआईओएस राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दूसरी किस्त जारी हो चुकी है, अब प्रयोगशालाओं का निर्माण कार्य जल्द पूरा हो जाएगा।
यहां बन रही हैं प्रयोगशालाएं
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रानीपुर में भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान प्रयोगशाला बन रही है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रसोई बबीना में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान प्रयोगशाला बन रही है। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज शाहजहांपुर और राजकीय इंटर कॉलेज रक्सा में जीव विज्ञान प्रयोगशालाएं बनाई जा रही हैं।