- 50.52 करोड़ रुपये में होंगे 464 काम, 266 काम चल रहे
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। आचार संहिता की वजह से रुके बुंदेलखंड विकास निधि के 84 विकास कार्य अब शुरू होंगे। इनमें 51 यात्री प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे।
प्रदेश सरकार ने वर्ष 2023-24 में बुंदेलखंड विकास निधि के तहत विकास कार्य कराने के लिए 425 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इससे संपर्क मार्ग, नाली, बिजली तथा मूलभूत सुविधाओं से संबंधित विकास कार्य होंगे। बताते चलें इस निधि से विकास कार्य कराने का प्रस्ताव क्षेत्रीय विधायक की तरफ से दिया जाता है। शासन ने झांसी में विकास कार्य के लिए 50.52 करोड़ रुपये दिए हैं। इससे करौंदी माता मंदिर के पास, अठौंदना, बूढ़ा, समथर समेत आठ स्थानों पर बिजली लाइन डालने व ट्रांसफॉर्मर लगाने काम किया जा रहा है। स्टेट हाईवे तथा गांवों के चौराहों पर यात्री प्रतीक्षालय बनेंगे। बुंदेलखंड विकास निधि से 464 विकास कार्य होने हैं। दावा है कि 114 विकास कार्य पूरे हो गए हैं। 266 विकास कार्य किए जा रहे हैं। 84 काम आरंभ करने के लिए अब टेंडर प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसे लेकर परियोजना निदेशक राजेश कुमार ने भी अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता अरबन यूडी सोनकर, अधिशासी अभियंता देहात रेनू वर्मा, पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता दीपांकर चौधरी, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-तीन के अधिशासी अभियंता सीपी सिंह, अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कटियार मौजूद रहे।