आज से लोकसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया
झांसी। लोकसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होगी। कलेक्ट्रेट परिसर में जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष में नौ अप्रैल तक प्रत्याशी अपने पर्चे दाखिल कर सकेंगे। इसके लिए प्रशासन की ओर से कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर और बाहर चाक चौबंद बंदोबस्त किए गए हैं।
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में झांसी - ललितपुर सीट पर 29 अप्रैल को मतदान होना है। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत मंगलवार (दो अप्रैल) से होगी। प्रत्याशियों को जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक पर्चे दाखिल करने का मौका मिलेगा। इसके बाद 10 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 12 अप्रैल को प्रत्याशियों को नाम वापसी का मौका मिलेगा।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग की आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन की ओर से चाक चौबंद बंदोबस्त किए हैं। कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर और बाहर की सड़कों पर बेरीकेडिंग लगाकर व्यवस्था बनाई गई है। इस अलावा नामांकन के दरम्यान परिसर के भीतर और बाहर भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
नामांकन प्रक्रिया की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आदर्श आचार संहिता का हर हाल में अनुपालन सुनिश्चित होगा। आम लोगों को भी किसी तरह की परेशानी न हो, इसके भी पूरे इंतजाम किए गए हैं।
- शिवसहाय अवस्थी, जिला निर्वाचन अधिकारी /डीएम
चप्पे-चप्पे की कैमरों से होगी निगरानी
नामांकन प्रक्रिया के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के चप्पे-चप्पे की सीसीटीवी कैमरों के जरिये निगरानी होगी। जेल चौराहा - कचहरी चौराहा रोड पर कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर तीन कैमरे लगाए गए हैं। यहां से नामांकन कक्ष के रास्ते तक चार कैमरे निगरानी करेंगे। नामांकन कक्ष के भीतर दो कैमरे इस तरह से लगाए गए हैं, जिनकी प्रत्याशी, रिटर्निंग ऑफिसर और कक्ष की दीवार पर लगी घड़ी पर नजर रहेगी। एक कैमरा आरओ कक्ष के बाहर लॉबी में लगाया गया है। जबकि, कलेक्ट्रेट के पीछे वाले गेट पर तीन कैमरों के जरिये निगरानी की जाएगी।
प्रत्याशी के साथ चार को ही मिलेगा प्रवेश
प्रत्याशी भले ही भारी भरकम जुलूस लेकर नामांकन करने पहुंचे, लेकिन कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर राजनीतिक दलों के उम्मीदवार के साथ चार और निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ 10 लोग ही प्रवेश कर सकेंगे। जबकि, जुलूस 100 मीटर पहले रोक लिया जाएगा। कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार का बड़ा गेट बंद रहेगा। दो छोटे दरवाजों से प्रवेश और निकासी होगी। यहां बैरीकेडिंग लगाई गई है। जबकि, जेल चौराहा से कचहरी रोड स्थित गेट नंबर एक अधिकारियों, कर्मचारियों व अधिवक्ताओं के लिए रहेगा। कलेक्ट्रेट परिसर में कोई भी वाहन प्रवेश नहीं करेगा।
चौराहों से आगे नहीं आ पाएंगी गाड़ियां
नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के साथ आने वाले वाहनों को चौराहों से पहले रोक लिया जाएगा। ललितपुर रोड, इलाइट व झोकनबाग की ओर से आने वाले वाहनों को जेल चौराहे के पास स्थित पुलिस माडर्न स्कूल के मैदान में खड़ा किया जाएगा। जबकि, कानपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन शिक्षा भवन के मैदान और तालपुरा के रिक्त मैदान में खड़े किए जाएंगे।
परिवर्तित रहेगा यातायात
नामांकन प्रक्रिया के दौरान दो से नौ अप्रैल तक शहर का यातायात परिवर्तित रहेगा। कानपुर रोड से आने वाले बड़े वाहनों को मेडिकल बाईपास तिराहा पर बैरियर लगाकर निकाला जाएगा। रक्सा - कानपुर बाईपास मोड़ पर बैरियर लगातार बड़े वाहनों को झांसी नगर में आने से रोका जाएगा। हंसारी क्रासिंग पर बैरियर लगाकर गाड़ियां रक्सा बाईपास की ओर डायवर्ट की जाएंगी। ग्वालियर रोड बालाजी मोड़ पर बैरियर लगाकर ग्वालियर से नगर की ओर आने वाले बड़े वाहनों को कानपुर रोड बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
नारेबाजी की नहीं है अनुमति
नामांकन स्थल पर नारेबाजी व प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। उड़नदस्ता /निगरानी टीम नामांकन जुलूस में शामिल होकर वाहनों की संख्या व जुलूस में शामिल सभी लोगों की वीडियोग्राफी करेगी। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर और बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
25 हजार है जमानत राशि
सामान्य वर्ग के प्रत्याशियों को 25 हजार रुपये जमानत राशि अदा करनी होगी। जबकि, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए ये राशि साढ़े बारह हजार होगी। प्रत्याशियों को इस रकम का भुगतान बैंक चालान के माध्यम से करना होगा।
सार्वजनिक करना होगा आपराधिक रिकार्ड
प्रत्याशियों को अपना आपराधिक रिकॉर्ड भी सार्वजनिक करना होगा। इस संबंध में भारत निर्वाचन आयोग ने निर्देश जारी किए हैं। उम्मीदवारों को तीन बार प्रचलित समाचार पत्रों में विज्ञापन के जरिये अपना आपराधिक रिकार्ड प्रकाशित करना होगा। इसकी कॉपी रिटर्निंग ऑफिसरों को उपलब्ध करानी होगी। इसके लिए संबंधित राजनीतिक दल को भी अपनी वेबसाइट पर प्रत्याशी का आपराधिक रिकॉर्ड अपलोड करना होगा।
प्रत्याशियों को ये औपचारिकताएं करनी होंगी पूरी
----------------------------------------
- विदेश में स्थित अचल संपत्ति का देना होगा ब्योरा
- चल संपत्ति कहां, किस बैंक में और कितनी है, बताना होगा
- खुद का, पत्नी और आश्रितों की चल-अचल संपत्ति का भी देना होगा विवरण
- पिछले पांच साल का वार्षिक आय विवरण
- पैन कार्ड का ब्योरा, यदि नहीं है तो इसकी बतानी होगी वजह
- जीएसटी दी है तो जीएसटी नंबर और बिल का विवरण
ये भी रखें ध्यान
--------------
- प्रत्याशी को सत्यापित मतदाता सूची उपलब्ध करानी होगी
- वोटर कार्ड देना होगा
- तहसील, नगर निगम, जल और बिजली विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र
- जमानत धनरशि का चालान
- फार्म के प्रारूप 26 के सभी कॉलम का विवरण भरना होगा
- मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के प्रत्याशी को पार्टी का ‘बी फार्म’ देना होगा
- प्रस्तावकों के नाम की सत्यापित मतदाता सूची देनी होगी