मुश्किलों से मिल पाता है ट्यूबवेल कनेक्शन
- सिंचाई बंधु की बैठक में उठा किसानों का दर्द
- अनुपस्थित तीन अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
मंगलवार को विकास भवन में आयोजित सिंचाई बंधु की बैठक में विधायक जवाहर लाल राजपूत व अन्य किसान नेताओं ने किसानों के दर्द को उठाया। आरोप लगाया कि भारी बारिश से फसलों को बहुत क्षति हुई, लेकिन लेखपाल मनमर्जी से नुकसान का आकलन कर रहे हैं। जगह-जगह नहरें टूटी हुई हैं। ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने में महीनों लग रहे हैं और ट्रांसफार्मर वक्त पर नहीं बदले जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि करकोस और बामौर नहर की पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है। कुठौंद समथर नहर में लंबे समय से काम नहीं हुआ। सूखे से खराब हुई फसलों की बीमा राशि आने के बाद भी उसका अभी तक पूर्ण वितरण नहीं हुआ। धान की फसल बचाने के लिए नहरों का संचालन तुरंत करने का आग्रह किया। ट्यूबवेल का कनेक्शन लेने में किसानों की चप्पलें घिस जाती हैं। इस प्रक्रिया की निगरानी की होनी चाहिए। अन्य किसान नेताओं ने कहा कि सितंबर के आखिर तक नहरों की सिल्ट सफाई का काम पूरा हो जाए तो अक्तूबर से रोस्टर के हिसाब से नहरें चलने लगेंगी। अपर जिलाधिकारी नागेंद्र शर्मा ने बैठक में अनुपस्थित पीएनबी के प्रबंधक, बबीना क्षेत्र के वीडियो, पीसीएफ प्रभारी और टहरौली के लेखपाल से स्पष्टीकरण मांगने के आदेश दिए। सिंचाई बंधु के उपाध्यक्ष मनमोहन सिंह, एसडीएम मोंठ अशोक कुमार चौधरी, अधिशासी अभियंता संजय कुमार, अधिशासी अभियंता (विद्युत ग्रामीण) डी यादवेंदु, वान सिंह यादव आदि मौजूद रहे।