राजघाट ने रोका पानी, माताटीला के 17 गेट बंद
झांसी। भोपाल, विदिशा और ललितपुर क्षेत्र में बारिश थमने से बेतवा नदी शांत पड़ गई है। इससे राजघाट बांध का पानी स्थिर हो गया। शुक्र्रवार को सुबह राजघाट बांध के खुले गेट बंद कर दिए गए। माताटीला बांध के भी 20 में 17 गेटों को बंद कर दिया गया। तीन गेटों से साढ़े दस हजार क्यूसेक पानी ही छोड़ा जा रहा है।
पिछले कुछ दिनों से मध्य प्रदेश के भोपाल, विदिशा और ललितपुर के आसपास क्षेत्रों में हो रही झमाझम बारिश से बेतवा नदी में पानी तेजी से दौड़ रहा था। नतीजतन राजघाट और माताटीला बांध लबालब भर गए। राजघाट बांध से 22 अगस्त को 1.50 लाख क्यूसेक और 23 अगस्त को 87 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। माताटीला बांध के 23 में 20 गेट दो फीट पर खोलकर 70 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था।
माताटीला बांध से छूटे पानी से सुकुवां- ढुकुवां और पारीछा बांध भी भर गए हैं, और इन बांधों से भी पानी छूट रहा है। मगर, भोपाल की तरफ बारिश बंद होने से बेतवा नदी शांत पड़ गई। इस कारण राजघाट बांध का जलस्तर 370 मीटर बनाए रखने के लिए शुक्रवार की सुबह नौ बजे से यहां के गेट बंद कर दिए गए। माताटीला बांध के 20 में 17 गेट शुक्रवार को तड़के चार बजे बंद कर दिए गए।