फोटो..
फिर से मेडिकल कॉलेज प्राचार्य बनीं डॉ. साधना
- सुबह चार्ज देकर गए डॉ. अनेजा, शाम को आया आदेश
मरीज के कटे पैर को तकिया बनाने के बाद हटी थीं
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में मरीज के कटे पैर को तकिया बनाने का मामला तूल पकड़ने के बाद प्राचार्य पद से हटाई गईं डा. साधना कौशिक को शासन ने एक बार फिर इस कुर्सी पर बैठा दिया है। शनिवार सुबह छह बजे डॉ. जीके अनेजा कार्यवाहक प्राचार्य को चार्ज देकर गए और शाम होते-होते शासन ने डॉ. कौशिक को प्राचार्य बनाने का आदेश जारी कर दिया। कार्यवाहक प्राचार्य ने उन्हें चार्ज सौंप दिया है।
मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में बीते 11 मार्च को हुए मरीज के कटे पैर को सिराना बनाने के मामले में शासन ने कार्रवाई करते हुए तत्कालीन प्राचार्य डॉ. साधना कौशिक को हटा दिया था। इसके बाद चिकित्सा शिक्षा अपर महानिदेशक डॉ. जीके अनेजा को शासन ने झांसी मेडिकल कॉलेज का नया प्राचार्य बनाया। उन्होंने 10 अप्रैल को बतौर प्राचार्य कार्यभार ग्रहण किया। 40 दिन के अंदर ही शुक्रवार देर शाम शासन ने उन्हें आगरा के सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज का प्राचार्य बना दिया। शनिवार सुबह छह बजे वह कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. संजया शर्मा को चार्ज देकर चले गए। शाम को शासन ने डॉ. साधना कौशिक को प्राचार्य नियुक्त करने का पत्र जारी कर दिया। अब वह दोबारा मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य बन गई हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने ‘अमर उजाला’ से कहा कि पहले भी कॉलेज की व्यवस्थाओं को सुधारने में लगी थीं। यह क्रम अब भी जारी रहेगा। शासन की मंशानुसार मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।