निजामुद्दीन की जगह दिल्ली से चलेगी ताज एक्सप्रेस
जीटी और श्रीधाम एक्सप्रेस के भी प्रारंभिक स्टेशन में परिवर्तन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
निजामुद्दीन से झांसी के मध्य चलने वाली ताज एक्सप्रेस 21 फरवरी से निजामुद्दीन की जगह नई दिल्ली स्टेशन से चलेगी। इसी तरह जीटी और श्रीधाम एक्सप्रेस के स्टेशनों में भी परिवर्तन किया है।
अभी निजामुद्दीन से चलने वाली ताज एक्सप्रेस सुबह सात बजे रवाना होती है। दिल्ली से यह ट्रेन सुबह 6.45 बजे चलेगी। झांसी से जाने वाली ट्रेन अपने निर्धारित समय से रवाना होकर नई दिल्ली स्टेशन पर रात 10.25 बजे पहुंचेगी। इसी तरह 21 मई 2018 से चेन्नई से दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन के बीच चलने वाली अप और डाउन की 12615/12616 जीटी एक्सप्रेस दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन की जगह नई दिल्ली स्टेशन से चलेगी। नई दिल्ली स्टेशन से यह गाड़ी शाम 6.40 बजे रवाना और चेन्नई से आने वाली गाड़ी सुबह 6.30 बजे पहुंचेगी। इसके अलावा 21 मई 2018 से जबलपुर से नई दिल्ली के बीच चलने वाली 12191/12192 श्रीधाम एक्सप्रेस नई दिल्ली स्टेशन की जगह निजामुद्दीन स्टेशन से चलेगी। निजामुद्दीन स्टेशन से यह गाड़ी प्रात: 11.25 बजे रवाना होगी और जबलपुर से आने वाली ट्रेन दोपहर 2.20 बजे निजामुद्दीन स्टेशन पर पहुंचेगी।