जिला अस्पताल का लोगो
....................................
जिला अस्पताल में कल से 24 घंटे खून की जांच
टैग: राहत
- शाम पांच बजे के बाद इमरजेंसी में मिलेगी सुविधा
- एक्सरे टेक्नीशियन व लैब टेक्नीशियन रहेंगे तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
जिला अस्पताल में सोमवार से 24 घंटे खून की जांच होगी। पैथालॉजी बंद होने के बाद इमरजेंसी में गंभीर मरीजों के खून के नमूने लिए जाएंगे। इसके लिए डॉक्टर, एक्सरे टेक्नीशियन और लैब टेक्नीशियन मौजूद रहेंगे। एक्सरे, अल्ट्रासाउंड की भी सुविधा मिलेगी।
जिला अस्पताल में पैथालॉजी के अलावा एसआरएल सेंटर में भी खून की जांचें होती हैं। पैथालॉजी सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक चलती है। 12 बजे तक सैंपल लिए जाते हैं और दो घंटे नमूनों का परीक्षण होता है। वहीं, एसआरएल लैब में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम पांच बजे रक्त के नमूने लिए जाते हैं। ऐसे में शाम पांच बजे के बाद गंभीर मरीजों की खून की जांच नहीं हो पाती है। या तो उन्हें अगले दिन का इंतजार करना पड़ता है या फिर निजी केंद्रों में पैसे खर्च कर जांच करानी पड़ती है। मरीजों को सरकारी अस्पतालों में ही बेहतर सुविधाएं मिल सकें, इसलिए प्रदेश सरकार ने कुछ समय पूर्व ही जिला अस्पतालों में 24 घंटे जांचें मुहैया कराने के निर्देश दिए थे। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीके गुप्ता ने बताया कि सोमवार से जिला अस्पताल में 24 घंटे खून की जांचों की सुविधा मिलने लगेगी। इमरजेंसी में डॉक्टर के साथ-साथ लैब टेक्नीशियन, एक्सरे टेक्नीशियन भी मौजूद रहेंगे। गंभीर मरीजों की खून की जांच के साथ-साथ एक्सरे, अल्ट्रासाउंड आदि जांचें भी होंगी। उन्होंने बताया कि अब पैथालॉजी में भी दोपहर दो बजे तक रक्त के नमूने लिए जाएंगे।