कला उत्सव में नामी चेहरे करेंगे शिरकत
- बीयू में कल से शुरू होगा तीन दिवसीय कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में होने जा रहे कला उत्सव में जाने-माने कलाकार हिस्सा लेंगे। ललित कला संस्थान और बुंदेलखंड नाट्य कला समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में नृत्य के साथ नाटकों का मंचन होगा। उत्सव का उद्देश्य लोगों को नाट्य व नृत्य की विधा के प्रति जागरूक करना है।
ललित कला संस्थान की समन्वयक डॉ. श्वेता पांडेय ने बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन दोपहर एक बजे मुख्य अतिथि ग्वालियर के राजा मानसिंह तोमर एवं संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की प्रो. लवली शर्मा होंगी। दोपहर दो बजे से कलकत्ता की केया चंदा चक्रवर्ती एंड ग्रुप समूह कत्थक नृत्य प्रस्तुत करेगा। इसके बाद कला विश्वविद्यालय के नाट्य संकाय के डॉ. योगेंद्र चौबे की प्रस्तुति नाटक ग्लोबल राजा का मंचन होगा। चार अक्तूबर को सुबह 11 बजे से ओपन कॉन्सेप्ट आर्ट की प्रतियोगिता होगी। द्वितीय सत्र में पठानकोट के थर्ड आई कल्चरर स्कूल द्वारा स्मृति शर्मा के निर्देशन में भांगड़ा एवं रचनात्मक नृत्य की प्रस्तुति होगी। वहीं, अभिनव समूह, हिसार की प्रस्तुति नाटक थिएटर वाला का मंचन किया जाएगा। पांच अक्तूबर को प्रथम सत्र में दोपहर तीन बजे कला विश्वविद्यालय के नृत्य संकाय द्वारा समूह पारंपरिक नृत्य रचनात्मक कत्थक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। शाम पांच बजे समापन समारोह की मुख्य अतिथि प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एवं कलाकार शोभा सिंह होंगी।