पांच फीसदी भी नहीं बंटी ड्रेस
ललितपुर।
परिषदीय विद्यालयों में अभी तक जनपद में मात्र पांच प्रतिशत बच्चों को ही ही यूनिफार्म वितरित हो सकी है। जबकि इसके लिए निर्धारित अंतिम तिथि पांच दिन पूर्व गुजर चुकी है। बजट उपलब्ध होने के बाद भी अधिकांश बच्चों को वही पुरानी यूनिफार्म पहननी पड़ रही है।
सर्व शिक्षा अभियान के तहत जनपद के परिषदीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा एक से आठवीं तक के बच्चों को नवीन शैक्षिक सत्र में नि:शुल्क बांटी जाने वाली दो-दो सेट यूनिफार्म का वितरण कार्य काफी मंद गति से चल रहा है। जनपद में यूनिफार्म वितरण के लिए जिला बेसिक शिक्षा विभाग ने 6.08 लाख रुपये की डिमांड की थी, जिसके सापेक्ष शासन ने बीते जून माह के अंत में विभाग को 75 प्रतिशत धनराशि के रूप में 4.56 करोड़ रुपये की प्रथम किश्त जारी कर दी थी। वहीं, विभाग द्वारा समस्त विद्यालयों की प्रबंध समिति के खातों में भी धनराशि उपलब्ध करा दी गई थी। शासन के सख्त आदेश थे कि 15 जुलाई तक समस्त विद्यालयों में यूनिफार्म वितरण का कार्य शत-प्रतिशत कर लिया जाए।
कस्तूरबा विद्यालयों की स्थित शून्य
सर्व शिक्षा अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए भी दो-दो सेट यूनिफार्म नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। जनपद में कुल छह कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय संचालित हो रहे हैं। प्रत्येक विद्यालय में 100 छात्राओं की क्षमता होती है, जिसके सापेक्ष कुल 600 छात्राओं के लिए शासन ने 2.40 लाख रुपये उपलब्ध करा दिए हैं। शत-प्रतिशत धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद कस्तूरबा गांधी विद्यालय में एक भी बालिका को यूनिफार्म नहीं मिल सकी है।
डीएम के निर्देशों को भी नहीं अहमियत
डीएम मानवेंद्र सिंह की मंशा थी कि जनपद के समस्त विद्यालयों में एक ही दिन में एक साथ यूनिफार्म वितरित की जाए, चूंकि शासन ने यूनिफार्म वितरण का कार्य पूर्ण करने के लिए 15 जुलाई अंतिम तिथि निर्धारित की थी, इसलिए डीएम ने भी 15 जुलाई का ही दिन निर्धारित किया था। इसके पीछे डीएम की मंशा थी कि एक साथ ही सभी बच्चों को यूनिफार्म वितरित हो सके और 15 जुलाई तक यूनिफार्म तैयार करने के लिए अधिक से अधिक समय भी शिक्षकों को मिल जाएगा। अंतिम तिथि भी बीत गए और पांच दिन अतिरिक्त हो गए, लेकिन अभी तक मात्र पांच प्रतिशत ही यूनिफार्म वितरित हो सकी है।
लाने होगी तेजी, वरना ऐसे ही बीत जाएगा सत्र
यूनिफार्म बनवाने की तैयारियां जुलाई माह से पहले ही शुरू हो गई थी। लगभग एक माह बीतने वाला है और विभाग 20 तारीख तक मात्र पांच प्रतिशत की यूनिफार्म वितरित कर पाया है। अगर विभाग ने थोड़ी भी तेजी दिखाई तो एक माह में 10 प्रतिशत वितरण हो जाएगा। इस हिसाब से 100 प्रतिशत यूनिफार्म वितरण में 10 माह का समय लेगा, जबकि नवीन शैक्षिक सत्र के चार माह तो बीत चुके हैं और सत्र समाप्त होने में सात माह बचे हुए हैं।
यह है विभाग का आंकड़ा
जिला बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा बीते 18 जुलाई तक की यूनिफार्म वितरण की प्रगति रिपोर्ट तैयार की है। इसमें विभाग द्वारा एक सैट वितरण का औसत दिखाया है। जिसमें जनपद में अब तक 11 प्रतिशत यूनिफार्म वितरित हो चुकी है, यदि इसमें दो-दो सैट वितरण का औसत लगाए तो यह आधा यानि 5.5 प्रतिशत हो जाएगा।
विकासखंड का नाम यूनिफार्म का भौतिक लक्ष्य एक सैट का विवरण प्रतिशत
बार 24,186 2,485 10.27 प्रतिशत
बिरधा 26,164 2,980 11.39 प्रतिशत
जखौरा 34,133 3,507 10.27 प्रतिशत
मड़ावरा 20,224 2,410 11.92 प्रतिशत
महरौनी 23,658 3,015 12.74 प्रतिशत
तालबेहट 26,146 2,660 10.17 प्रतिशत
नगर क्षेत्र 2,458 505 20.55 प्रतिशत
कस्तूरबा विद्यालय 600 शून्य शून्य
बाजार में नहीं मिल रहा कपड़ा
इस वर्ष शासन ने यूनिफार्म के रंग में बदलाव कर दिया है, इस कारण बाजार में यूनिफार्म सिलवाने के लिए पर्याप्त कपड़ा उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। संभवता कोशिश की जाएगी कि जुलाई माह के अंत तक यूनिफार्म वितरण का कार्य पूर्ण कर लिया जाए।
- अंबरीष कुमार
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, ललितपुर।