‘वायुवीर’ का शहर ने किया ‘अभिनंदन’
झांसी। भारतीय वायुसेना के जांबाज विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान का पाकिस्तान से वापस भारत लौटने का शहर के लोगों ने दिन भर इंतजार किया। स्वागत में जगह-जगह आतिशबाजी हुई और ढोल - नगाड़े बजे। सदर बाजार में दुकानों के बाहर दीप जलाए गए। सभी टीवी पर वायुवीर की झलक देखने को बेताब रहे। रात तकरीबन 9.21 बजे विंग कमांडर के भारत की धरती पर कदम रखते ही सभी के चेहरे खिल उठे और हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे गूंज उठे।
भारत - पाकिस्तान की सीमा पर चल रहे तनाव के बीच पाकिस्तान पहुंचे विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को पाकिस्तान ने शुक्रवार को वापस भारत भेजने की घोषणा की थी। उन्हें भले ही वाघा बॉर्डर से वतन वापसी करनी थी, लेकिन शहर की सड़कों पर भी उनके स्वागत की तैयारी थी। दिन भर लोग टीवी सेटों से चिपके रहे और पल -पल की जानकारी लेते रहे। सभी को देश के जांबाज सिपाही के भारत की धरती पर कदम रखने वाले पल का इंतजार था। समय के आगे सरकने के साथ - साथ दिल की धड़कने भी तेज होती जा रही थीं। लंबे इंतजार के बाद रात 09.21 बजे विंग कमांडर ने वाघा बार्डर से भारत की धरती पर कदम रहा। इसके साथ ही खुशी से तमाम लोगों की आंखें नम हो उठीं।
इस मौके पर सराफा बाजार में शुक्रवार की शाम को जमकर आतिशबाजी की गई। मिठाइयां बांटी गईं। कारोबारियों ने हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए। बाजार में उत्सव सा माहौल नजर आया।
इलाइट चौराहे पर जमा हुए हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की। हाथों में तिरंगा लहराते हुए उन्होंने हिंदुस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए।
सीपरी बाजार में व्यापारी महासंघ और आर्यकन्या चौराहा व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में वीर सैनिक के सकुशल भारत वापस लौटने पर बाजार में भ्रमण कर मिठाइयां बांटी गईं। भारत माता की जय और वंदेमातरम के उद्घोष गूंजे। तदुपरांत चौराहे पर हुई सभा में भारतीय सेना के पराक्रम की सराहना की गई। इस मौके पर बी के पांडेय, सतीश जैन, नीरज भाटिया, अखिलेश दुबे, पंकज रावत, विशाल, देवकुमार बाजपेयी, बद्री गुप्ता, कौशल अनुरागी, प्रकाश रंगलानी आदि मौजूद रहे।
उधर, विंग कमांडर के वापस आने पर शिव परिवार लोक कल्याण संस्था ने भी आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं। सदर बाजार में दुकानों और घरों के बाहर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल की महानगर की इकाई के तत्वावधान में इलाइट चौराहे पर मिठाई बांटी गईं। इस मौके पर अध्यक्ष तरुण साहू, राहुल मिश्रा, ऋषभ सोनी, अमित शर्मा, प्रशांत कुशवाहा आदि मौजूद रहे।