गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने विधानसभा में ‘कृषि ऋषि’ सुभाष पालेकर के प्राकृतिक खेती के मॉडल को लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को अपेक्षाकृत अधिक लाभ प्राप्त होगा और खेती लाभ का व्यवसाय बनेगा, जिससे किसान की कंगाली दूर होगी। कर्ज माफी किसानों की समस्या का समाधान नहीं है।
उन्होंने कहा कि खाद्यान्न एवं सब्जियों के उत्पादन में कीटनाशक दवाएं और रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग से जन स्वास्थ्य के नुकसान को देखते हुए प्राकृतिक खेती करने की कार्ययोजना बनाई जाए। अधिक पैदावार होने से आलू, प्याज, धान, गेहूं के दाम गिर जाते हैं। अगर यही उत्पादन जहरमुक्त हो तो अन्य देशों को निर्यात कर किसानाें को कई गुना लाभ दिलाया जा सकता है। सुभाष पालेकर का खेती का मॉडल एक गाय - एक किसान पर आधारित है। जब तक किसान समृद्ध नहीं होगा, तब तक हिंदुस्तान तरक्की नहीं करेगा।