----------
60 आरओ व 120 एआरओ कराएंगे चुनाव
- पावर प्रजेंटेशन से दी निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
निकाय चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए जिले में 60 रिटर्निंग अधिकारी व 120 सहायक रिटर्निंग अधिकारी तैनात किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी कर्ण सिंह चौहान ने कहा कि अभी भी 56 विभागों ने अपने कर्मचारियों की सूचनाएं निर्वाचन आयोग की साइट पर अपडेट नहीं की हैं, यह काम आज ही कर लें।
सोमवार को पं. दीनदयाल सभागार में सभी निर्वाचन अधिकारियों, सहायक निर्वाचन अधिकारियों, प्रभारी अधिकारियों और सहायक प्रभारी अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि तीन नवंबर को चुनाव का नोटिफिकेशन जारी होगा और चार से दस नवंबर तक नामांकन प्रक्रिया होगी। नगर निगम में ईवीएम और बाकी सभी निकायों में मतपत्रों के माध्यम से मतदान होगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जेके शुक्ला ने कहा कि शातिर बदमाश, हिस्ट्रीशीटर, गुंडा एक्ट और निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी लाई जा रही है।
अपर जिला निर्वाचन अधिकारी हरीशंकर ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से नामांकन पत्रों की बिक्री, नामांकन पत्रों को लेने, प्रत्याशियों के अभिलेखों को साफ्टवेयर में अपलोड करने और कंप्यूटर से जुड़ी अन्य जानकारियां दीं। इस मौके पर सीडीओ ए. दिनेश कुमार, एसपी ग्रामीण कुलदीप कुमार, नगर मजिस्ट्रेट सीपी तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।