विक्षिप्त ने तोड़ी देव प्रतिमाएं
ललितपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत रोंड़ा गांव में मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति ने मंदिर की मूर्तियों को तोड़कर खंडित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रोंडा निवासी खुशीलाल लोधी मानसिक रूप से कमजोर है और भांग का नशा करता है। शुक्रवार की सुबह साढ़े चार बजे खुशीलाल ने गांव में ही बने शंकर जी के मंदिर के पास पहुंचकर पिंडी को उठा लिया और पास में ही स्थित कुएं में फेंक दिया जिससे वह खंडित हो गई। इसके उपरांत नरसिंह चबूतरे पर पहुंचकर भगवान की पिंडी को नीचे फेंक दिया। आरोपी ने काली माता के मंदिर में पहुंचकर उनकी मूर्ति को भी नीचे गिरा दिया जिससे वह खंडित। ग्रामीणों ने यह देखकर शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग गया। इसके उपरांत गांव के प्रधान धीरेंद्र सिंह बुंदेला, लाखन सिंह, जानकी और देवकी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाश की। लेकिन आरोपी नहीं मिला। इसी दौरान पुलिस ने माडर्न पब्लिक स्कूल के पास लाठी लेकर खेत की ओर जाते हुए देखा और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में भी वह विक्षिप्तों की तरह व्यवहार कर रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी का भाई गांव में अवैध शराब की भट्टी लगाकर व्यापार करता है।