झांसी। जिले की चारों विधानसभाओं में 63,908 मतदाता बढ़े हैं। वोटरों की संख्या में सबसे ज्यादा वृद्धि मऊरानीपुर विधानसभा में हुई है। निर्वाचन आयोग दो जनवरी को विधानसभावार वोटरों की सूची जारी करेगा।
निर्वाचन आयोग की विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेजी से जारी हैं। इसके लिए मतदाता सूची तैयार कर ली गई है, जिसे दो जनवरी को जारी कर दिया जाएगा। आयोग द्वारा 15 नवंबर तक चलाए गए मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान के तहत जिले की चारों विधानसभाओं में वोटरों की संख्या में 63,908 की बढ़ोत्तरी हुई है।
इनमें सर्वाधिक मतदाता मऊरानीपुर में 16,805 बढ़े हैं। इसके अलावा झांसी विधानसभा में 16,753, गरौठा में 15,861 व बबीना विधानसभा में मतदाताओं की संख्या में 14,489 की वृद्धि हुई है।
विधानसभा वोटरों की संख्या
-----------------------------
बबीना 3,16,502
झांसी 3,87,791
मऊरानीपुर 3,98,300
गरौठा 3,29,842
---------------------------
कुल वोटर 14,32,435
---------------------------
36,858 नाम काटे
मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान के दौरान चारों विधानसभाओं में 36,858 वोटरों के नाम काटे गए हैं। यह वह मतदाता थे, जिनका नाम एक से अधिक स्थान पर मतदाता सूची में दर्ज था। इसके अलावा तमाम नाम ऐसे भी थे, जो मृत्यु के बाद भी वोटर लिस्ट में नजर आ रहे थे।
वोटर बनने का मिलेगा मौका
अठारह वर्ष से अधिक आयु के या 01 जनवरी 2017 को अठारह वर्ष की आयु पूरी करने वालों के नाम वोटर लिस्ट में शामिल किए गए हैं। जिनका नाम छूट गया है, उन्हें दो जनवरी के बाद अपना नाम लिस्ट में दर्ज कराने का मौका मिलेगा। वह नामांकन की अंतिम तारीख के सात दिन पहले तक नाम दर्ज करा सकेंगे। नाम बीएलओ के माध्यम से दर्ज कराया जा सकता है। इसके अलावा ऑनलाइन आवेदन ceouttarpradesh.nic.in पर भी किया जा सकता है।
‘वोटर लिस्ट तैयार कर ली गई है। पंद्रह दिसंबर को निर्वाचन आयोग से लिंग मिलेगी। इसके बाद एक बार सूची पुन: जांची जाएगी, ताकि गलती की गुंजाइश न रहे। इसके बाद आयोग को यह प्रमाण पत्र दिया जाएगा कि सूची में कोई त्रुटि नहीं है। निर्वाचन आयोग की अनुमति से दो जनवरी को सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।’
- रमाशंकर गुप्ता, एडीएम /उप जिला जिला निर्वाचन अधिकारी