175 करोड़ की बिजली बकाएदारी का नहीं हो सका ‘समाधान’
ललितपुर। बिजली विभाग द्वारा चलाई जा रही सरचार्ज माफी समाधान योजना में 100 फीसदी सरचार्ज माफ किया जा रहा है, लेकिन इसके बाद भी योजना परवान नहीं चढ़ पा रही है। स्थिति यह है कि विभाग को जिले में 25 हजार पंजीकरण कराने का लक्ष्य दिया गया है, लेकिन अब तक दो महीने में छह हजार पंजीकरण ही कराए जा सके हैं। बकायादारों पर 175 करोड़ की देनदारी है। अब दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक एके वर्मा जल्द ही जिले में आकर खुद समीक्षा करेंगे।
जिले में 49 हजार बिजली उपभोक्ताओं पर लगभग 175 करोड़ रुपये की बकायेदारी चल रही है, जिसमें शहर में सभी श्रेणी के करीब छह हजार उपभोक्ताओं पर 38 करोड़ रुपये की बकाएदारी है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के 43 हजार विद्युत उपभोक्ताओं पर लगभग 137 करोड़ रुपये की बकाएदारी दर्शाई जा रही है। बकाएदारों को राहत देने के लिए उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन द्वारा घरेलू और कॉमर्शियल श्रेणी के दो किलोवाट तक और निजी नलकूप विद्युत संयोजनधारी सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए दिसंबर तक के विद्युत बिल में 100 फीसदी सरचार्ज माफी की योजना शुरू की है। योजना एक जनवरी से लागू की गई है, जिसके तहत 25 मार्च तक पंजीकरण कराने हैं। इस योजना में जिला के दोनों विद्युत वितरण खंड के चारों उपखंड कार्यालयों के तहत विभाग को 25 हजार पंजीकरण का लक्ष्य दिया गया है। अब तक पूरे जिले में लगभग छह हजार पंजीकरण ही कराए जा सके। लगभग पांच करोड़ 40 लाख रुपये की बकायेदारी तो कर ली गई है, लेकिन यह प्रगति अन्य जिलों के सापेक्ष काफी धीमी है। इस प्रकार जिले में पंजीकरण मात्र 23 प्रतिशत और वसूली का प्रतिशत मात्र 12 प्रतिशत ही हो सका है।
ऊर्जा सचिव ने धीमी प्रगति पर चिंता जताई है और अधिकारियों को योजना के अंत तक प्रगति सुधारने के निर्देश दिए हैं। इसी के चलते दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम आगरा के प्रबंध निदेशक एके वर्मा अब खुद मोर्चा संभालने हुए सरचार्ज माफी समाधान योजना की समीक्षा करेंगे। वह इसी सप्ताह जिले में आकर सरचार्ज माफी समाधान योजना की समीक्षा के साथ ही अन्य विद्युत कार्यों का निरीक्षण करेंगे। वह यहां आकर सौभाग्य योजना के तहत किए जाने वाले कार्यों की हकीकत भी देख सकते हैं और निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशनों की प्रगति जानने को मौके का निरीक्षण कर सकते हैं। फिलहाल तो बिजली विभाग के अधिकारी विद्युत कार्यालयों में जहां फाइलों एवं रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने में जुटे हुए हैं, वहीं अवर अभियंताओं द्वारा सब स्टेशनों का मेंटीनेंस एवं सरचार्ज माफी समाधान योजना में पंजीकरण एवं वसूली में तेजी से जुट गए हैं।
सरचार्ज माफी समाधान योजना में अधिक से अधिक पंजीकरण कराने के लिए टीमों को सक्रिय किया गया है। जो भी बकायेदार उपभोक्ता योजना में पंजीकरण नहीं कराते हैं, उनके खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
- आकाश सचान, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय।